किशोर कुमार जायसवाल/न्यूज़11 भारत
गुमला/डेस्क: रॉयल्टी चालान की नई प्रक्रिया के विरोध में जिला संवेदक संघ, गुमला के बैनर तले 29 जुलाई 2026 (बुधवार) को नया समाहरणालय परिसर में एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा. इस कार्यक्रम में जिले भर के संवेदकों की बड़ी संख्या में भागीदारी होने की संभावना है. वही संवेदक संघ के अध्यक्ष संतोष कुमार गुप्ता उर्फ गुड्डू ने सभी संवेदकों से एकजुट होकर आंदोलन में शामिल होने और अपनी मांगों को मजबूती से उठाने की अपील की है.
वहीं उन्होंने कहा है कि नई रॉयल्टी चालान व्यवस्था लागू होने के बाद संवेदकों को कई व्यावहारिक, तकनीकी और प्रशासनिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. उनका आरोप है कि नई प्रक्रिया के कारण निर्माण एवं विकास कार्यों की गति प्रभावित हो रही है, जिससे सरकारी योजनाओं के समय पर क्रियान्वयन में भी बाधा उत्पन्न हो सकती है.
इन्हीं समस्याओं के समाधान और सरकार का ध्यान इस ओर आकर्षित करने के उद्देश्य से शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन का निर्णय लिया गया है. संवेदक संघ का कहना है कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक पहल नहीं की गई, तो आगे आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जा सकता है. संघ ने उम्मीद जताई है कि धरना-प्रदर्शन के माध्यम से संबंधित विभाग नई व्यवस्था की समीक्षा करेगा तथा संवेदकों की समस्याओं का जल्द समाधान सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाएगा.