राहुल कुमार/न्यूज 11भारत
चंदवा/डेस्क: टोरी रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) निर्माण में हो रही लगातार देरी को लेकर कांग्रेस यंग ब्रिगेड के प्रदेश महासचिव बाबर खान ने गुरुवार को उपायुक्त संदीप कुमार से मुलाकात कर गंभीर चिंता जताई. इस दौरान उन्होंने जिले में बढ़ती यातायात समस्या को प्रमुख मुद्दा बताया.
बाबर खान ने कहा कि टोरी में आरओबी नहीं होने के कारण एनएच-99 (रांची–चतरा मुख्य मार्ग) पर रोजाना सैकड़ों छोटे-बड़े वाहन जाम में फंस जाते हैं. इसका सीधा असर चंदवा प्रखंड की लगभग डेढ़ लाख की आबादी पर पड़ रहा है.
उन्होंने बताया कि रेलवे फाटक पर दिन में कई बार लंबा जाम लगता है, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ती है. कई बार आपातकालीन स्थिति में मरीज समय पर अस्पताल नहीं पहुंच पाते, जिसके कारण जान जाने जैसी घटनाएं भी सामने आई हैं.
कांग्रेस नेता ने यह भी बताया कि आरओबी का शिलान्यास हुए करीब पांच वर्ष बीत चुके हैं, लेकिन अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ है और न ही स्थल पर कोई ठोस प्रगति दिख रही है.
मुलाकात के दौरान बाबर खान ने उपायुक्त से आग्रह किया कि परियोजना में आ रही बाधाओं को जल्द दूर कर निर्माण कार्य शुरू कराया जाए, ताकि लोगों को जाम और उससे होने वाली समस्याओं से राहत मिल सके.
यह भी पढ़ें: गांडेय: फॉरवर्ड ब्लॉक की शिकायत पर हरकत में विभाग, बाघाडीह पुल में अनियमितता की जांच शुरू