नंदकिशोर कुमार/न्यूज़11 भारत
गुमला/डेस्क: प्रखंड मुख्यालय परिसर में कांग्रेस पार्टी की ओर से संवाद सह बीएलए-2 पहचान पत्र वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष इग्नासियुस मिंज ने की. इस अवसर पर लोहरदगा लोकसभा के सह प्रभारी विजय खा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे.
कार्यक्रम की शुरुआत सांसद प्रतिनिधि सह जिला अध्यक्ष रजनील तिग्गा के स्वागत भाषण से हुई. इसके बाद अनुरुद्ध कुमार चौबे ने एसआईआर, अनमैपिंग एवं मैपिंग प्रक्रिया के संबंध में विस्तार से जानकारी दी.
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सह प्रभारी विजय खा ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति या परिवार का नाम अनमैपिंग सूची में चला जाता है, तो भविष्य में मतदान संबंधी अधिकार प्रभावित हो सकते हैं. उन्होंने यह भी कहा कि अनमैपिंग की स्थिति में लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभ मिलने में कठिनाई हो सकती है. उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे मैपिंग प्रक्रिया को गंभीरता से लें तथा बीएलए द्वारा मांगे गए आवश्यक दस्तावेज समय पर उपलब्ध कराएं.
उन्होंने कहा कि किसी भी परिवार का नाम अनमैपिंग श्रेणी में न जाए, इसके लिए सभी कार्यकर्ताओं को सक्रिय होकर काम करना होगा. इस प्रक्रिया के दौरान कार्यकर्ताओं को अपने-अपने बूथ क्षेत्र के लोगों से संपर्क स्थापित करने और उनकी समस्याओं को समझने का अवसर मिलेगा, जिससे संगठन और जनता के बीच संबंध और मजबूत होंगे.
विजय खा ने कार्यकर्ताओं से ग्रामीणों को जागरूक करने और किसी भी समस्या की स्थिति में प्रखंड एवं जिला नेतृत्व को तत्काल सूचना देने की अपील की. अपने संबोधन में उन्होंने भाजपा और एसआईआर प्रक्रिया को लेकर राजनीतिक टिप्पणी भी की तथा कार्यकर्ताओं से सतर्क और जागरूक रहने का आह्वान किया.
कार्यक्रम में प्रमुख सह उपाध्यक्ष जीवंती एक्का, महासचिव फिरासत अली, अख्तर अली, मकबूल आलम, ग्रोटो बखला, दीपचंद्र टोप्पो, एलिजाबेथ बखला, बीवयानी लकड़ा, ललिता कुजूर, आलोक जुनास लकड़ा, मनोहर एक्का, शिवगटन एक्का, किशोर लकड़ा, बेरोनिका मिंज, सुमन बेंग, विजय टोप्पो, आलोक पंकज टोप्पो सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे.