न्यूज़11 भारत
पाकुड़/डेस्क: पश्चिम बंगाल के मालदा जिला परिषद चुनाव में निर्वाचित 26 जिला परिषद सदस्य इन दिनों पाकुड़ पहुंचे हुए हैं. सभी सदस्य जिला परिषद अध्यक्ष पद के उम्मीदवार के साथ शहर के एक होटल में ठहरे हैं. इसी बीच कल शुक्रवार देर रात उस वक्त हंगामा हो गया, जब मालदा पुलिस होटल पहुंची और जिला परिषद सदस्यों को अपने साथ ले जाने का प्रयास किया.
बताया जा रहा है कि पश्चिम बंगाल पुलिस को सूचना मिली थी कि मालदा के कुछ नवनिर्वाचित जिला परिषद सदस्यों को जबरन पाकुड़ लाया गया है. सूचना के आधार पर मालदा पुलिस पाकुड़ पहुंची और स्थानीय पुलिस के सहयोग से होटल में कार्रवाई की. इसी दौरान जिला परिषद सदस्यों को हिरासत में लेने की कोशिश किए जाने की बात सामने आई, जिसके बाद मौके पर हंगामा शुरू हो गया.

जिला परिषद सदस्यों ने पश्चिम बंगाल पुलिस की कार्रवाई का विरोध करते हुए आरोप लगाया कि पुलिस सत्ता पक्ष के दबाव में काम कर रही है. सदस्यों का कहना था कि वे सभी अपनी मर्जी से पाकुड़ आए हैं और उन्हें कोई जबरन लेकर नहीं आया है. विरोध के दौरान पुलिस और जिप सदस्यों के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति भी उत्पन्न हो गई. स्थिति बिगड़ती देख पाकुड़ पुलिस ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया.
6 अक्टूबर को अध्यक्ष-उपाध्यक्ष का चुनाव
मालदा की नवनिर्वाचित जिला परिषद सदस्य सागरिका सरकार ने बताया कि आगामी 6 अक्टूबर को जिला परिषद अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चुनाव होना तय है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस और टीएमसी के कुछ जिला परिषद सदस्य घूमने के लिए पाकुड़ आए हैं और होटल में ठहरे हुए हैं.
सागरिका सरकार का आरोप है कि इसी बीच पश्चिम बंगाल पुलिस होटल पहुंची और झूठा आरोप लगाकर उन्हें अपने साथ चलने के लिए दबाव बनाने लगी. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कार्रवाई के दौरान महिला जिला परिषद सदस्यों के साथ कथित तौर पर दुर्व्यवहार किया गया, जिसका सभी सदस्यों ने विरोध किया. उन्होंने आरोप लगाया कि अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव को लेकर पश्चिम बंगाल सरकार पुलिस के माध्यम से जिला परिषद सदस्यों पर दबाव बनाकर उन्हें अपने पक्ष में करना चाहती है. सागरिका सरकार ने कहा कि वे सभी अपनी मर्जी से पाकुड़ आए हैं और किसी दबाव में नहीं आएंगे.

मालदा में 43 जिप सीटों का दावा
बताया गया है कि मालदा जिले में कुल 43 जिला परिषद सदस्य निर्वाचित हुए हैं. जिप सदस्यों के अनुसार, इनमें कांग्रेस के 5 और टीएमसी के 19 सदस्य पाकुड़ पहुंचे हैं. सदस्यों का दावा है कि टीएमसी के अन्य सदस्य भी उनके साथ हैं और जिला परिषद अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष के चुनाव के दिन सभी एक स्थान पर जुटेंगे.
वहीं, सदस्यों की ओर से बताए गए चुनाव परिणाम के अनुसार मालदा जिला परिषद में भाजपा ने 4, टीएमसी ने 34 और कांग्रेस ने 5 सीटों पर जीत दर्ज की है.
फिलहाल होटल के बाहर बड़ी संख्या में पश्चिम बंगाल पुलिस के जवान मौजूद हैं. पूरे घटनाक्रम को लेकर पाकुड़ पुलिस भी मौके पर मौजूद है. वहीं, बंगाल पुलिस की कार्रवाई का विरोध पाकुड़ कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ताओं ने भी किया.
इस पूरे मामले में पश्चिम बंगाल पुलिस की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है. जिला परिषद सदस्यों द्वारा महिला सदस्यों के साथ कथित दुर्व्यवहार और दबाव बनाए जाने के लगाए गए आरोपों की भी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है.
इसे भी पढ़ें: कतरास में कोयला हेरा-फेरी का पर्दाफाश! कांटा खराब, फिर भी सटीक वजन; 5 हाईवा जब्त, जांच के घेरे में BCCL अधिकारी