न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्यवासियों को होली की हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं. उन्होंने कहा कि रंगों का यह पावन पर्व सभी के जीवन में उमंग, भाईचारा और खुशहाली के नए रंग लेकर आए. मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि होली आपसी सद्भाव और सामाजिक समरसता का प्रतीक है. यह पर्व लोगों को एक-दूसरे के करीब लाता है और प्रेम व सौहार्द का संदेश देता है. उन्होंने कामना की कि यह त्योहार राज्य के प्रत्येक नागरिक के जीवन में सुख-शांति और समृद्धि लेकर आए.
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार की 'मंईयां सम्मान योजना' के तहत सम्मान राशि पर्व से पूर्व ही महिलाओं के खातों में सीधे भेजी जा रही है. उन्होंने कहा कि होली के पावन अवसर पर राज्य की बहनों को सम्मान राशि देने की विशेष पहल की गई है, ताकि वे त्योहार को हर्षोल्लास के साथ मना सकें. मुख्यमंत्री ने कहा कि अबुआ सरकार राज्य के सभी नागरिकों की सुख-समृद्धि और उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रतिबद्ध है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार जनकल्याण की योजनाओं को निरंतर आगे बढ़ाती रहेगी, ताकि समाज के हर वर्ग को उसका लाभ मिल सके.
ये भी पढ़ें- राज्यसभा चुनाव: राष्ट्रीय लोक मोर्चा ने उपेंद्र कुशवाहा को बनाया NDA प्रत्याशी