रोहन निषाद/न्यूज़11 भारत
चाईबासा/डेस्क: चाईबासा इंजीनियरिंग कॉलेज झींकपानी ने नवाचार इनोवेशन और स्टार्ट-अप संवर्धन के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर अपनी धाक जमाई है. भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय के 'इनोवेशन सेल' द्वारा जारी इंस्टीट्यूशन्स इनोवेशन काउंसिल (IIC) की वार्षिक प्रदर्शन रेटिंग (शैक्षणिक सत्र 2024-25) में संस्थान ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 4 स्टार रेटिंग हासिल की है. उल्लेखनीय है कि इस वर्ष देश भर में किसी भी संस्थान को इससे अधिक रेटिंग प्रदान नहीं की गई है.
देश के शीर्ष 5% संस्थानों में दर्ज कराया नाम
इस उपलब्धि के साथ चाईबासा इंजीनियरिंग कॉलेज देश के सबसे उत्कृष्ट स्टार रेटिंग वाले शैक्षणिक संस्थानों में शुमार हो गया है. इस वर्ष शिक्षा मंत्रालय द्वारा देश भर के 8,000 से अधिक उच्च शिक्षण संस्थानों का सूक्ष्म मूल्यांकन किया गया था. इनमें से मात्र 384 संस्थान (लगभग 5 प्रतिशत) ही सर्वोच्च 4 स्टार रेटिंग हासिल करने में सफल रहे.
झारखंड में लगातार चौथे साल शीर्ष पर बरकरार
झारखंड राज्य से कुल 72 उच्च शिक्षण संस्थानों को IIC रेटिंग प्राप्त हुई है, जिनमें से केवल 5 संस्थानों को 4 स्टार रेटिंग मिली है. इन पांचों संस्थानों ने संयुक्त रूप से राज्य में पहला स्थान प्राप्त किया है.
इसको मिला पहला स्थान
चाईबासा इंजीनियरिंग कॉलेज, बिरला इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (BIT) मेसरा रांची,एमिटी यूनिवर्सिटी रांची, झारखंड राय यूनिवर्सिटी, रांची और दुमका इंजीनियरिंग कॉलेज शामिल हैं.
चाईबासा इंजीनियरिंग कॉलेज लगातार दबदबा
चाईबासा इंजीनियरिंग कॉलेज बीते कई वर्षों से इस रैंकिंग में अपना दबदबा बनाए हुए है. संस्थान को सत्र 2021-22 में 3.5 स्टार, 2022-23 में 3 स्टार और 2023-24 में 3.5 स्टार मिले थे. इस वर्ष 4 स्टार प्राप्त कर कॉलेज ने लगातार चौथे साल राज्य में पहला स्थान कायम रखा है.
प्राचार्य व प्रशासनिक टीम ने जताई खुशी
कॉलेज की इस ऐतिहासिक सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए प्रभारी प्राचार्य प्रो. डी. राहा ने इसे पूरी टीम की कड़ी मेहनत और सामूहिक प्रयास का परिणाम बताया. उन्होंने IIC सेल के अध्यक्ष डॉ. तन्मय दास, उनकी समर्पित टीम, समस्त शिक्षकों और विद्यार्थियों को बधाई दी. उन्होंने कहा कि संस्थान में नवाचार और स्टार्ट-अप की संस्कृति को निरंतर बढ़ावा देने का ही परिणाम है कि कॉलेज आज इस ऊंचाई पर पहुंचा है.