MMDR बिल

केंद्र सरकार MMDR बिल को झारखंड पर थोपने का प्रयास कर रही: जलेश्वर महतो 

एमएमडीआर बिल को लेकर गिरिडीह जिला कांग्रेस कमेटी ने जिला कांग्रेस भवन में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया.

By : Ark Sahuliyar
केंद्र सरकार MMDR बिल को झारखंड पर थोपने का प्रयास कर रही: जलेश्वर महतो 

शिवांश केशू/न्यूज11 भारत 
गिरिडीह/डेस्क:
एमएमडीआर बिल को लेकर गिरिडीह जिला कांग्रेस कमेटी ने जिला कांग्रेस भवन में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया. प्रेस वार्ता में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री जलेश्वर महतो शामिल हुए. जलेश्वर महतो ने MMDR बिल को काला कानून बताते हुए कहा कि केंद्र सरकार इस बिल को झारखंड पर थोपने का प्रयास कर रही है.

उन्होंने कहा कि इस बिल के लागू होने से झारखंड को करीब 15 से 20 करोड़ रुपये के राजस्व नुकसान का सामना करना पड़ सकता है, जिसका सीधा असर राज्य में चल रही विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं पर पड़ेगा.उन्होंने केंद्र सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि कांग्रेस इस बिल का पुरजोर विरोध करेगी. जलेश्वर महतो ने ऐलान किया कि 27 अगस्त से शंखनाद आंदोलन शुरू किया जाएगा. अगर बिल में संशोधन नहीं किया गया तो झारखंड से एक छटाक कोयला भी बाहर नहीं जाने दिया जाएगा.

वहीं जिला कांग्रेस अध्यक्ष सतीश केडिया ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि एमडीआर बिल के जरिए झारखंड के हितों को प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार चाहती है कि राज्य में चल रही विकास योजनाएं प्रभावित हों और उनका क्रियान्वयन सुचारू रूप से नहीं हो सके. प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार से एमएमडीआर बिल में तत्काल संशोधन की मांग की और कहा कि झारखंड के अधिकार एवं हितों से किसी भी कीमत पर समझौता नहीं किया जाएगा. मौके पर पूर्व जिला अध्यक्ष धनंजय सिंह, अजय कुमार सिंह, मंटू, मनीर आलम, राजेश दूरी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे.