अमित दत्ता/न्यूज11 भारत
बुंडू/डेस्क: बुंडू के ताऊ मैदान में आयोजित जन आक्रोश रैली में शामिल होने जा रहे लोगों का आज दोपहर NH 33 के समीप गोसाईडीह के पास भयानक सड़क हादसा हो गया. रैली में शामिल होने जा रहे मैक्स पिकअप सवारी वाहन का टायर फट गया, जिसके बाद वाहन संतुलन खोकर सड़क किनारे खेत में पलट गया.
हादसे में ऊपर-नीचे बैठे लोग वाहन के नीचे दब गए. मौके पर चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हैं.
मृतकों की पहचान इस प्रकार हुई है –
- ब्रजकिशोर मुंडा (35 वर्ष)
- रासबिहारी मुंडा (45 वर्ष)
- डोमन सिंह मुंडा (48 वर्ष)
- जगरनाथ सिंह मुंडा (55 वर्ष)
सभी मृतक सिगिद (बीरडीह) गांव, ऊपर बालालोंग के निवासी बताए जा रहे हैं. ये सभी आज सुबह जन आक्रोश रैली में भाग लेने के लिए ताऊ मैदान जा रहे थे.
हादसे की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी रामकुमार वर्मा दलबल के साथ मौके पर पहुंचे. घायलों को एंबुलेंस से बुंडू अनुमंडल अस्पताल भेजा गया, जहां से गंभीर रूप से घायल लोगों को रिम्स रांची रेफर किया गया.
इस बीच बुंडू एसडीओ किस्टो कुमार बेसरा, बीडीओ सावित्री कुमारी और अंचलाधिकारी हंस हेंब्रोम भी घटनास्थल पर पहुंचे. उन्होंने घायलों की स्थिति का जायजा लिया और तत्काल राहत व एंबुलेंस की व्यवस्था सुनिश्चित की.
वहीं विधायक विकास कुमार मुंडा के निर्देश पर विधायक सहयोगी प्रदीप कुमार मुंडा, अरविंद कुमार और अड़की विधायक प्रतिनिधि अनुमंडलीय अस्पताल सह ट्रॉमा सेंटर पर पहुंचे. उन्होंने हर संभव मदद उपलब्ध कराई और गंभीर रूप से घायलों को तत्काल रिम्स भेजवाया.
मौके पर अनुमंडल अस्पताल उपाधीक्षक डॉ. दिलीप कुमार पासवान भी मौजूद रहे, जिन्होंने चिकित्सीय व्यवस्था का निरीक्षण किया.
विधायक विकास कुमार मुंडा ने कहा – “यह अत्यंत दुखद घटना है. सभी मृतकों के परिवारों को सरकार की ओर से उचित मुआवजा दिलाया जाएगा और घायलों के बेहतर इलाज की पूरी व्यवस्था की जा रही है.”
इस दर्दनाक हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है. आदिवासी समाज ने इस घटना के प्रति गहरा दुख व्यक्त करते हुए ताऊ मैदान में प्रस्तावित जन आक्रोश रैली को स्थगित कर दिया है. बुंडू प्रशासन, पुलिस और जनप्रतिनिधि लगातार राहत कार्य में जुटे हुए हैं.
यह भी पढ़ें: देवघर: जनता दरबार में जन समस्याओं के समाधान के लिए अपर समाहर्ता ने दिए आवश्यक निर्देश