संतोष कुमार/न्यूज़11 भारत
चांडिल/डेस्क: ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत कुकरू प्रखंड मुख्यालय परिसर में भाजपा कुकरू मंडल के अध्यक्ष सुमन मुखर्जी के नेतृत्व में एक दिवसीय धरना प्रदर्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे.
इस धरना प्रदर्शन में मुख्य वक्ता के रूप में युवा नेता आकाश महतो शामिल हुए. उन्होंने जनसमस्याओं एवं क्षेत्र के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों को उठाते हुए राज्य सरकार एवं स्थानीय विधायक पर निशाना साधा.
आकाश महतो ने अपने संबोधन में कहा कि मुख्यमंत्री ने चुनाव के दौरान झारखंड के विकास को लेकर बड़े-बड़े वादे किए थे, लेकिन आज धरातल पर विकास कार्य दिखाई नहीं दे रहे हैं. उन्होंने कहा कि ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र की विधायक लगातार शिलान्यास कार्यक्रमों एवं सोशल मीडिया पोस्टों में व्यस्त हैं, जबकि क्षेत्र की मूलभूत समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं.
उन्होंने हाल ही में हाथियों की समस्या पर विधायक द्वारा दिए गए बयान का भी उल्लेख करते हुए कहा कि क्षेत्र में जंगली हाथियों के आतंक से ग्रामीण परेशान हैं, लेकिन सरकार और जनप्रतिनिधि गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान जेएमएम सरकार विकास नहीं बल्कि झारखंड का विनाश कर रही है.
भाजपा जिला महामंत्री भूषण मुर्मू ने कहा कि जल्द से जल्द अगर किसानों से किये हुये वादे हेमंत सोरेन सरकार पूरा नहीं करती है तो भाजपा किसानों के समर्थन में सड़क से सदन तक उग्र आंदोलन करेगी.
कार्यक्रम में भाजपा सरायकेला-खरसावां जिला महामंत्री एवं कार्यक्रम प्रभारी भूषण मुर्मू, पूर्व मंडल अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद प्रतिनिधि सच्चिदानंद महतो, पूर्व मंडल अध्यक्ष सह वक्ता भरत महतो, दुबाराज महतो, वासुदेव गोप, अजय सरदार, मंजू देवी समेत सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे.
यह भी पढ़ें: चांडिल के भुईयाडीह में विधानसभा स्तरीय झामुमो कार्यकर्ताओं की बैठक, संगठन मजबूती पर हुआ मंथन