न्यूज11 भारत
रांची/डेस्क: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद आदित्य साहू ने आज कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खगड़े के उस बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी जिसमें उन्होंने मुस्लिम समुदाय को भड़काते हुए भाजपा और आर एसएस को विषैला सांप बताया है और नमाज पढ़ने वक्त भी अगर भाजपा आरएसएस के लोग सामने से गुजरे तो नमाज छोड़कर इन संगठनों के लोगों को मारने की बात कही है.
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि कांग्रेस पार्टी सत्ता के बिना मछली की तरह तड़प रही है. राजशाही सोच वाली यह पार्टी सत्ता को अपनी जागीर समझती है , लोकतंत्र के फैसले को कांग्रेस पार्टी कभी पचा नहीं पाती. अपनी बातों को आगे रखते हुए उन्होंने कहा कि सत्ता के लिए हिंसा, नफरत फैलाना कांग्रेस पार्टी के डीएनए में शामिल है. इनका इतिहास इनके काले कारनामों से भरे पड़े हैं.
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू कहा कि आजादी की लड़ाई में सत्ता के लिए इसी कांग्रेस पार्टी ने साम्प्रदायिक उन्माद खड़ा किए, तुष्टीकरण के आधार पर देश का विभाजन स्वीकार किया, हिंदू मुस्लिम के नाम पर दंगे भड़काकर लाखों देश वासियों की हत्या करवाई, करोड़ों लोगों को रिफ्यूजी बनने को मजबूर किया.
वहीं उन्होंने यह भी कहा कि तत्कालीन प्रधानमंत्री ने तो सत्ता के लिए आपातकाल लगा कर लोकतंत्र की हत्या करने की कोशिश की. और बाद में उनकी हत्या का साम्प्रदायिक रंग देते हुए हजारों सिखों की हत्या करवाई, दर दर भटकने को मजबूर किया. बड़ा पेड़ गिरता है तो पृथ्वी हिलती है, ये भाषा इसी कांग्रेस की है.
उन्होंने कहा कि शाहबानो केस में सुप्रीम कोर्ट के फैसले को बदलना,एक पीड़ित महिला का वोट बैंक के लिए हक अधिकार छीन लेना ये कांग्रेस पार्टी ही कर सकती है. भगवा आतंकवाद की भाषा बोलने वाली कांग्रेस देश में आतंकवादियों का महिमामंडन करती है, हिन्दू देवी देवताओं का अपमान करती है, राम के अस्तित्व को नकार देती है. लेकिन कांग्रेस को शायद अहसास हो जाना चाहिए कि वह जितना हिंदू समाज को गाली देती गई, नफरत और हिंसा की भाषा बोलती है उतना जनता की नजरों से गिरती गई.
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ को मिटाने की बात करने वाली कांग्रेस अब खुद मिटने की कगार पर है. राष्ट्र की सेवा में समर्पित करोड़ों स्वयंसेवक मां भारती की सेवा में समर्पित हैं. अपने शताब्दी वर्ष में भारत को सशक्त भारत समर्थ भारत स्वाभिमानी भारत आत्म निर्भर भारत बनाने की दिशा में बढ़ चुके हैं. अध्यक्ष आदित्य साहू ने कांग्रेस पार्टी से जनता के सामने अपने बयान पर माफी मांगने की मांग की.
यह भी पढ़ें: झारखंड का सारंडा सुरक्षाबलों के लिए बड़ी चुनौती, कुदरत ले रहा जवानों की परीक्षा