राहुल कुमार/न्यूज़11 भारत
चंदवा/डेस्क: भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कमेटी के आह्वान पर रविवार को चंदवा में प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया. प्रेस वार्ता को भाजपा के मुख्य प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव, प्रदेश मंत्री सह जिला प्रभारी मुनीर उरांव और जिलाध्यक्ष बंशी यादव ने संयुक्त रूप से संबोधित किया. इस दौरान नेताओं ने राज्य सरकार की कार्यशैली, कानून-व्यवस्था, विकास कार्यों और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर कई गंभीर आरोप लगाए.
प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने कहा कि झारखंड में भय, अपराध और भ्रष्टाचार चरम पर है. उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में हत्या, बलात्कार और अपहरण जैसी घटनाओं में लगातार वृद्धि हो रही है, लेकिन सरकार इन मुद्दों पर गंभीर नहीं है. उन्होंने कहा कि लगातार दूसरी बार सत्ता में रहने के बावजूद राज्य सरकार का कोई बड़ा विकास कार्य धरातल पर दिखाई नहीं देता.
टोरी आरओबी पर राज्य सरकार को घेरा
प्रेस वार्ता में टोरी रेल ओवरब्रिज (आरओबी) का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया. प्रतुल शाहदेव ने कहा कि भूमि अधिग्रहण में देरी के कारण टोरी आरओबी सहित राज्य की कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं रद्द होने की कगार पर पहुंच गई हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि विकास कार्यों के लिए भूमि उपलब्ध कराना राज्य सरकार की जिम्मेदारी है और इस मामले में सरकार पूरी तरह विफल रही है.
उन्होंने कहा कि यदि टोरी आरओबी परियोजना रद्द होती है तो चंदवा एवं आसपास के लाखों लोगों को वर्षों तक जाम, आवागमन की समस्या और दुर्घटनाओं के खतरे का सामना करना पड़ेगा. उन्होंने बताया कि स्थानीय सांसद और विधायक इस परियोजना को बचाने के लिए लगातार प्रयासरत हैं.
एसआईआर को बताया जरूरी प्रक्रिया
प्रतुल शाहदेव ने राज्य में चल रहे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का समर्थन करते हुए इसे लोकतंत्र के लिए आवश्यक प्रक्रिया बताया. उन्होंने आरोप लगाया कि इस अभियान के बाद बड़ी संख्या में फर्जी, मृत और अवैध मतदाताओं के नाम हटाए जाएंगे. साथ ही उन्होंने कहा कि यदि मस्जिदों और मदरसों के बाहर विशेष कैंप लगाए गए तो भाजपा इसका विरोध करेगी और आवश्यकता पड़ने पर आंदोलन भी करेगी.
आदिवासी छात्रा की मौत की निष्पक्ष जांच की मांग
प्रदेश मंत्री मुनीर उरांव और जिलाध्यक्ष बंशी यादव ने चंदवा में हाल ही में हुई एक आदिवासी छात्रा की संदिग्ध मौत की निष्पक्ष जांच की मांग की. उन्होंने कहा कि यदि पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिला तो भाजपा आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी. दोनों नेताओं ने राज्य सरकार की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए. प्रेस वार्ता में मंडल प्रभारी राकेश दुबे, पूर्वी मंडल अध्यक्ष आशीष सिंह, पश्चिमी मंडल अध्यक्ष विनय कुमार (रिकी), विधायक प्रतिनिधि राजू उरांव, सांसद प्रतिनिधि दीपक निषाद, बबलू सोनी, रोहित शाहदेव, मंटू केसरी सहित भाजपा के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे.