उत्तम विश्वकर्मा/न्यूज़ 11 भारत
राजगंज/डेस्क: राजगंज स्थित बर्ड्स गार्डेन एजुकेशन सोसाइटी के सौजन्य से आज बर्ड्स गार्डेन स्कूल परिसर में स्कॉलरशिप परीक्षा 2026 का सफल आयोजन किया गया. इस परीक्षा में लगभग 610 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. सोसाइटी द्वारा आयोजित इस छात्रवृत्ति परीक्षा में सफल होने वाले करीब 50 मेधावी विद्यार्थियों को आगामी तीन वर्षों तक विद्यालय में कम शुल्क पर शिक्षा प्रदान की जाएगी. इस निर्णय से क्षेत्र के अभिभावकों और विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखा गया.
कक्षा 1 से 8 तक के मेधावी एवं योग्य छात्र-छात्राओं को परीक्षा में शामिल होने का अवसर दिया गया था, जिससे अधिक से अधिक प्रतिभाशाली बच्चों को लाभ मिल सके. परीक्षा समाप्ति के बाद विद्यालय प्रबंधन की ओर से बच्चों के बीच उपहार भी वितरित किए गए.
समिति के अध्यक्ष गौरी प्रमोद ने बताया कि यह पहल विशेष रूप से मध्यम वर्गीय परिवारों के मेधावी छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से की गई है. उन्होंने कहा कि आगे भी इस तरह की शैक्षणिक गतिविधियों का आयोजन किया जाता रहेगा.
परीक्षा के दौरान भारी संख्या में अभिभावक अपने बच्चों के साथ विद्यालय पहुंचे. विद्यालय के प्राचार्य प्रमोद चौरसिया ने सभी अभिभावकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त करते हुए सहयोग के लिए धन्यवाद दिया.
यह भी पढ़ें: होली व रमजान को लेकर खलारी व मैक्लुस्कीगंज थानों में शांति समिति की बैठक