अमरनाथ पाठक/न्यूज11 भारत
देवघर/डेस्क: नगर थाना क्षेत्र के बिलासी टाउन मोहल्ले में अपराधियों ने दिनदहाड़े लूट की वारदात को अंजाम देकर पुलिस-प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़ा कर दिया है. शुक्रवार को बाइक पर सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने एक महिला के गले से सोने की चेन छीन ली और चंद सेकेंड में फरार हो गए.
पीड़िता ने बताया कि वह अपने बच्चे को स्कूल से लेने गई थी. बेटे के साथ टोटो पर घर लौटते समय वह थोड़ी देर के लिए बैंक भी गई. बैंक से निकलकर जैसे ही वह संदीपनी स्कूल के पास पहुंची, तभी बाइक पर सवार दो युवक आए और पलक झपकते ही उसके गले से सोने की चेन झपट ली. महिला ने विरोध करने की कोशिश भी की, लेकिन बदमाशों के आगे उसकी एक न चली. घटना को अंजाम देने के बाद दोनों बदमाश बाइक की रफ्तार बढ़ाते हुए मौके से भाग निकले.
पीड़िता ने तत्काल नगर थाना पहुंचकर मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने की प्रक्रिया शुरू कर दी है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि हाल के दिनों में इस तरह की वारदातें बढ़ती जा रही हैं और पुलिस की गश्ती व्यवस्था केवल कागजों तक सीमित रह गई है. घटना के बाद मोहल्ले में दहशत का माहौल है.
यह भी पढ़ें: धनबाद में एनसीसी कैडेट दुर्गापूजा में संभालेंगे ट्रैफिक व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण में भी करेंगे सहयोग