न्यूज11 भारत
बुंडू/डेस्क: रांची–टाटा रोड पर प्रस्तावित बुंडू नगर के टाउन हॉल निर्माण हेतु आवंटित सरकारी जमीन पर आज कुछ जमीन माफियाओं द्वारा कब्जा करने की नीयत से सड़क निर्माण कार्य को रोकने का प्रयास किया गया. सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया और अंचल अधिकारी बुंडू हंस कुमार के नेतृत्व में उक्त जमीन का विधिवत चिन्हीकरण कराया गया.
प्रशासन द्वारा जेसीबी मशीन से जमीन के चारों ओर खुदाई कर सीमांकन किया गया, ताकि स्पष्ट रूप से यह चिन्हित किया जा सके कि उक्त भूमि टाउन हॉल निर्माण के लिए ही आवंटित है. बताया गया कि बुंडू नगर के प्लॉट संख्या 504 एवं खाता संख्या 732 की जमीन पर कुछ असामाजिक तत्वों और जमीन माफियाओं द्वारा कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा था, जिसे प्रशासनिक हस्तक्षेप के बाद तत्काल हटा दिया गया.
अंचल अधिकारी हंस कुमार ने बताया कि इस जमीन से संबंधित WPC संख्या 1224/2025 को न्यायालय द्वारा खारिज कर दिया गया है, हालांकि आदेश की प्रति अभी प्राप्त नहीं हुई है. उन्होंने कहा कि आदेश की कॉपी आने से पहले ही जमीन को ठिकाने लगाने और कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा था. इसकी जानकारी मिलते ही त्वरित कार्रवाई करते हुए जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया गया.
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि टाउन हॉल निर्माण हेतु आवंटित सरकारी जमीन पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और भविष्य में भी ऐसे प्रयासों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें: 1 जनवरी को खरसावां में आयोजित होने वाले शहीद दिवस की तैयारियों को लेकर समन्वय बैठक सम्पन्न