प्रमोद कुमार/न्यूज़11 भारत
बरवाडीह/डेस्क: बरवाडीह रेलवे स्टेशन पर मंगलवार की शाम चलती ट्रेन में चढ़ने के प्रयास में एक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल की पहचान चैनपुर (डालटनगंज) निवासी मिथिलेश कुमार (39), पिता अशोक राम के रूप में हुई है. उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए मेदिनीनगर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एमएमसीएच) रेफर कर दिया गया.जानकारी के अनुसार मिथिलेश कुमार बीडीएम सवारी ट्रेन से डालटनगंज से धनबाद जा रहे थे. बरवाडीह स्टेशन पर ट्रेन रुकने के दौरान वह प्लेटफॉर्म पर समोसा लेने के लिए उतर गए. इसी बीच ट्रेन खुल गई. जल्दबाजी में चलती ट्रेन पर चढ़ने की कोशिश में उनका संतुलन बिगड़ गया और वह ट्रेन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए.
घटना के बाद स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों, रेलवे कर्मियों और आरपीएफ की मदद से घायल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बरवाडीह पहुंचाया गया. चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद सिर व शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोट होने के कारण उन्हें एमएमसीएच, मेदिनीनगर रेफर कर दिया. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसा चलती ट्रेन में चढ़ने के दौरान हुआ. रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि ट्रेन के रुकने या खुलने के समय जल्दबाजी न करें और चलती ट्रेन में चढ़ने अथवा उतरने का प्रयास बिल्कुल नहीं करें, क्योंकि ऐसी लापरवाही कभी भी जानलेवा साबित हो सकती है.