न्यूज11 भारत
रांची/डेस्क: इसरी बाजार सड़क हादसे में एक साथ पांच लोगों की दर्दनाक मौत के बाद बगोदर अनुमंडल प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है. अब सड़क किनारे लगने वाले हाट-बाजार और अतिक्रमण पर प्रशासन सख्त कार्रवाई की तैयारी में है. सोमवार को प्रखंड सभागार में एसडीएम संतोष कुमार गुप्ता और एसडीपीओ धनंजय कुमार राम की मौजूदगी में जनप्रतिनिधियों, विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं और समाजसेवियों के साथ लंबी बैठक हुई.
बैठक में सबसे ज्यादा चिंता बगोदर पुरानी जीटी रोड, औंरा बाजार और अटका बाजार में सड़क किनारे फैलते अतिक्रमण को लेकर जताई गई. प्रशासन ने साफ शब्दों में कहा कि सड़क पर दुकानें सजने से रास्ता लगातार संकरा होता जा रहा है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है.
एसडीएम संतोष कुमार गुप्ता ने कड़े तेवर में कहा कि प्रशासन की पहली जिम्मेदारी लोगों की जान बचाना है. उन्होंने अतिक्रमणकारियों को अंतिम चेतावनी देते हुए कहा कि दुकानदार खुद सम्मानपूर्वक सड़क खाली कर दें, अन्यथा प्रशासन बुलडोजर कार्रवाई करने को मजबूर होगा.
उन्होंने कहा कि रोजाना सड़क पर लगने वाले बाजार के कारण आम लोगों, स्कूली बच्चों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. ऐसे में अब किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
बैठक में एसडीपीओ धनंजय कुमार राम, सीओ प्रवीण कुमार, थाना प्रभारी राजेश कुमार, प्रमुख आशा राज, उप प्रमुख हरेंद्र कुमार सिंह, बीस सूत्री अध्यक्ष सरवर खान, माले नेता परमेश्वर महतो, झामुमो अध्यक्ष बंधन महतो, विधायक प्रतिनिधि राजू सिंह,.जेएलकेएम नेता दिनेश साहु, उमेश महतो, समेत कई जनप्रतिनिधि और समाजसेवी मौजूद रहे.