न्यूज़11 भारत
पलामू/डेस्क: पलामू जिले के मनातू प्रखंड अंतर्गत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर एक मासूम बच्चे को एक्सपायरी (तय समय सीमा पार) दवा देने का आरोप लगा है. जानकारी के अनुसार मनातू की मझौली पंचायत निवासी बृजेश यादव के 5 वर्षीय पुत्र सुशील कुमार को तेज बुखार होने पर परिजन उसे मनातू प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए थे, जहाँ स्वास्थ्य कर्मियों ने उसे एक सिरप दी. परिजनों का आरोप है कि घर पर दवा पिलाने के कुछ ही देर बाद बच्चे को लगातार उल्टियां होने लगीं और उसकी तबीयत और ज्यादा बिगड़ गई. जब पीड़ित परिवार ने दवा की शीशी की जांच की, तो पाया कि दवा की तय समय सीमा (एक्सपायरी डेट) निकल चुकी थी.
इसके बाद परिजन ने तुरंत बच्चे को एक निजी क्लिनिक में भर्ती कराया, जहां समय रहते इलाज मिलने के बाद उसकी स्थिति में सुधार हुआ. बच्चे के पिता बृजेश यादव ने बताया कि सरकारी अस्पताल की इस लापरवाही के कारण उनके बच्चे की जान पर बन आई थी. इधर, इस मामले को लेकर स्थानीय लोगो ने स्वास्थ्य केंद्र प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि अस्पताल में मरीजों को एक्सपायरी दवाएं बांटी जा रही हैं, जिससे लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है. उन्होंने इस पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने और दवा बांटने वाले कर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम और आरोपों पर अभी तक जिला अधिकारी या स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारी की तरफ से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है.