अजीत कुमार/न्यूज 11 भारत
लातेहार/डेस्क: जिला मुख्यालय के समीप शुक्रवार को वासेवाड़ा में पेसा (पंचायत विस्तार अनुसूचित क्षेत्र) कानून का प्रस्ताव कैबिनेट से पारित होने पर ग्राम प्रधानों एवं पड़हा व्यवस्था के पदाधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बैठक का नेतृत्व ग्राम प्रधान जिला कार्यकारिणी अध्यक्ष गुंजर उरांव ने किया, जबकि अध्यक्षता सुकू उरांव ने की.बैठक के दौरान ग्राम प्रधानों एवं ग्राम सभा अध्यक्षों में विशेष उत्साह देखने को मिला. सभी ने पेसा कानून को आदिवासी समाज के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए सरकार को बधाई दी. इस अवसर पर स्वशासन व्यवस्था को मजबूत करने, ग्राम सभा की भूमिका, आदिवासी समाज के संवैधानिक अधिकारों तथा पेसा कानून के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई.
गुंजर उरांव ने कहा कि पेसा कानून आदिवासी समाज को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने की दिशा में एक मजबूत आधार प्रदान करता है. उन्होंने ग्राम प्रधानों से अपील की कि ग्राम सभा को सशक्त बनाकर जल, जंगल और जमीन की रक्षा सुनिश्चित की जाए. साथ ही पेसा कानून के प्रावधानों की जानकारी गांव-गांव तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया.इस मौके पर रामेश्वर उरांव, तुलेश्वर कुमार, तेतरा उरांव, अमेरिका टाना भगत, जिला परिषद सदस्य विनोद उरांव, बिरसा मुंडा, सिकंदर उरांव, मनबहलाव सिंह सहित सैकड़ों ग्राम सभा अध्यक्ष एवं पदाधिकारी उपस्थित थे. सभी ने पेसा कानून को आदिवासी स्वशासन की दिशा में मील का पत्थर बताया.
यह भी पढ़ें: घाघरा के आंध्रडीह दीपाटोली में 40 वर्षीय व्यक्ति ने फांसी लगाकर की आत्महत्या