अमरनाथ पाठक/न्यूज11 भारत
देवघर/डेस्क: त्योहारों की रौनक में अब मिलावटी मिठाइयां और घटिया खाद्य पदार्थ बेचने वालों की खैर नहीं. उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी नमन प्रियेश लकड़ा के निर्देश पर देवघर जिला प्रशासन ने खाद्य सुरक्षा अभियान को तेज कर दिया है.
जिला खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी के नेतृत्व में बीते दो दिनों से शहर की नामी-गिरामी मिष्ठान भंडारों, रेस्टोरेंट और फास्ट फूड दुकानों का औचक निरीक्षण किया गया. जांच की जद में कोजी स्वीट्स, बीकानेर स्वीट्स, वृंदावन स्वीट्स, अवंतिका स्वीट्स, यादव स्वीट्स, संतोष स्वीट्स, होटल कामधेनु और नीलकमल रेस्टोरेंट जैसे प्रतिष्ठान आए. इस दौरान पनीर और मिठाइयों के नमूने लिए गए और दुकानदारों को साफ हिदायत दी गई कि खाद्य पदार्थ केवल लाइसेंसधारी विक्रेताओं से ही खरीदें और बेचें.
निरीक्षण के क्रम में प्रशासन ने दूध, पनीर, खोआ जैसी संवेदनशील खाद्य सामग्री पर विशेष नजर डाली और स्पष्ट कर दिया कि अज्ञात स्रोत से खरीदी गई वस्तुएं जब्त कर नष्ट की जाएंगी. दुकानों की साफ-सफाई, बर्तनों की स्वच्छता और पैकेटबंद खाद्य पदार्थों पर अनिवार्य लेबलिंग की भी जांच की गई. टीम ने कहा कि मिठाइयों में अवांछित केमिकल या अखाद्य रंगों का इस्तेमाल करने वालों पर कड़ी कार्रवाई होगी.
खाद्य सुरक्षा विभाग ने उपभोक्ताओं से भी अपील की है कि यदि कहीं मिलावटी, एक्सपायरी या घटिया गुणवत्ता वाला खाद्य पदार्थ मिले तो तत्काल शिकायत दर्ज कराएं. इसके लिए खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी, देवघर का मोबाइल नंबर 9472453055, टोल फ्री नंबर 1800112100 और फूड सेफ्टी ऐप उपलब्ध है.
जिला प्रशासन का संदेश साफ है— त्योहार में स्वाद वही चलेगा, जो सुरक्षित होगा. जनता की सेहत से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं.
यह भी पढ़ें: पुलिस की तत्परता से सड़क दुर्घटना में बचा गैस टैंकर, चालक की बाल-बाल बची जान