काशिफ अख्तर/न्यूज 11 भारत
कोडरमा/डेस्क: कोडरमा. नवलशाही थाना क्षेत्र अंतर्गत विंडोमोह गांव की रहने वाली रुकसाना खातून ने शनिवार को कोडरमा एसपी को लिखित आवेदन देकर अपने परिवार पर हुए हमले और छेड़छाड़ की शिकायत की है. आवेदन में रुकसाना ने आरोप लगाया कि 11 सितंबर को गांव के ही क़्यूम खान, नईम खान (दोनों पिता स्व. मुस्लिम खान) और जुनैद खान (पिता क़्यूम खान) लाठी-डंडे व हथियारों के साथ जबरन उनके घर में घुस आए. आरोप है कि इन लोगों ने जमीन हड़पने और जान से मारने की नीयत से पूरे परिवार के साथ मारपीट की.
रुकसाना का कहना है कि जान बचाने के लिए परिवार के लोग घर से भाग गए, तभी क़्यूम खान ने उनके साथ अश्लील हरकत की और कपड़े फाड़ दिए. इसी दौरान नईम खान ने घर में रखे 35 हज़ार रुपये भी चोरी कर लिए. विरोध करने पर नईम खान ने उनकी चोटी पकड़कर जमीन पर पटक दिया, जिससे उनका माथा फट गया और वे गंभीर रूप से घायल हो गईं.
रुकसाना का आरोप है कि आरोपी दबंग और प्रभावशाली लोग हैं, जिनके खिलाफ थाना पुलिस कार्रवाई नहीं करती. उन्होंने कोडरमा एसपी से जान-माल की सुरक्षा और आरोपियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है.
आपको बता दें रुकसाना अपने पति, सास, तीन देवर और पांच बच्चों के साथ रहती हैं. पांच बच्चों में से तीन बच्चे दिव्यांग हैं, जिससे पूरे परिवार की स्थिति और भी संवेदनशील हो जाती है.
यह भी पढ़ें: सड़क पर गिरे बैग के मालिक को पुलिस ने किया सकुलश वापस, चारों ईमानदार दुकानदारों को पुलिस करेगी सम्मानित