विकास कुमार/न्यूज11 भारत
हुसैनाबाद/डेस्क: पलामू जिला क़े हुसैनाबाद थाना क्षेत्र की एक नाबालिग छात्रा को शादी का झांसा देकर ब्लैकमेल करने, यौन शोषण करने तथा उसकी आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया.
पीड़िता की माँ की ओर से दर्ज कराई गई लिखित शिकायत के अनुसार, आरोपी जनवरी 2026 से शादी का झांसा देकर उसे अपने जाल में फंसाए हुए था. इस दौरान उसने वीडियो कॉल की स्क्रीन रिकॉर्डिंग कर ली और उसे वायरल करने की धमकी देकर लगातार यौन शोषण करता रहा. जब नाबालिग ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने 12 जुलाई को सोशल मीडिया के विभिन्न अकाउंट पर उसकी आपत्तिजनक फोटो और वीडियो अपलोड कर वायरल कर दिया.
मामले में आवेदन मिलते ही प्राथमिकी दर्ज कर हुसैनाबाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. हुसैनाबाद पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी चंदन कुमार ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर आरोपी के विरुद्ध पॉक्सो एक्ट एवं आईटी एक्ट की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है. आरोपी को न्यायिक हिरासत में मेदिनीनगर जेल भेज दिया गया है. उन्होंने बताया कि साइबर सेल की मदद से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से वायरल फोटो एवं वीडियो हटाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है. जल्द ही सभी आपत्तिजनक सामग्री को हटवा दिया जाएगा.