विरेन्द्र शर्मा/न्यूज़ 11 भारत
बरही/डेस्क: चौपारण थाना क्षेत्र के जोकट के समीप आज मंगलवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया. चंडीगढ़ से रांची जा रहा दूध लदा कंटेनर अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया. हादसे में कंटेनर चालक गंभीर रूप से घायल हो गया है. उसे इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चौपारण में भर्ती कराया गया है.
मिली जानकारी के अनुसार दूध लदा कंटेनर कंटेनर (PB-11-CJ-2444) चंडीगढ़ से रांची की ओर जा रहा था. जैसे ही कंटेनर चौपारण थाना क्षेत्र के जोकट के पास पहुंचा, चालक को अचानक झपकी आ गई और कंटेनर सड़क किनारे अनियंत्रित हो गया.
घटना की सूचना मिलते ही चौपारण थाना पुलिस अपने दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और घायल चालक को कंटेनर से बाहर निकालकर इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चौपारण भेजा. पुलिस ने कंटेनर को जब्त कर लिया है और यातायात को सुचारू कर दिया गया है.
थाना प्रभारी पंकज कुमार ने बताया कि चालक की स्थिति खतरे से बाहर है. नींद में वाहन चलाने के कारण यह हादसा हुआ है. मामले की जांच की जा रही है.
इसे भी पढ़ें: Train News: किता - सिल्ली रेलखंड पर विकास कार्य से कई ट्रेनें आज प्रभावित, हटिया से चलने वाली दो ट्रेन रद्द