प्रमोद कुमार/न्यूज़11 भारत
बरवाडीह/डेस्क: बरवाडीह थाना क्षेत्र के मंगरा पंचायत अंतर्गत धधड़ी पुल से कुछ दूरी पर स्थित तीखी मोड़ पानापोठी टोला के पास सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. बालू लदा ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे ट्रॉली में बैठे एक मजदूर की ट्रैक्टर के नीचे दबकर मौके पर ही मौत हो गई. हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया.मृतक की पहचान स्वर्गीय सोहराई पासवान के 25 वर्षीय पुत्र संजय राम, निवासी मंगरा पंचायत के रूप में की गई है. जानकारी के अनुसार संजय राम बालू लदे ट्रैक्टर की ट्रॉली में सवार था, तभी अचानक मोड़ पर संतुलन बिगड़ने से ट्रैक्टर पलट गया. दुर्घटना में ट्रैक्टर चालक बाल-बाल बच गया.
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि घटनास्थल पर सड़क काफी संकरी है और मोड़ अत्यंत तीखा है. तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ. घटना के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई. सूचना मिलते ही बरवाडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी हुई है और अवैध बालू परिवहन की भी जांच की जा रही है.खबर लिखे जाने तक मृतक का शव बरवाडीह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में सुरक्षित रखा गया है. परिजनों की उपस्थिति में शव को पोस्टमार्टम के लिए मंगलवार सुबह लातेहार सदर अस्पताल भेजा जाएगा.घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है, वहीं ग्रामीणों ने क्षेत्र में हो रहे अवैध बालू परिवहन और सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन पर सवाल उठाए हैं.
यह भी पढ़ें: 2 मार्च को बहरागोडा में आयोजित होगा 10 वां सामूहिक विवाह समारोह - डॉ दिनेशानंद गोस्वामी