संतोष कुमार/न्यूज़11 भारत
सरायकेला/डेस्क: उपायुक्त, सरायकेला-खरसावां श्री नीतिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिले में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं की व्यापक समीक्षा की गई. समीक्षा के दौरान सदर अस्पताल, अनुमंडल अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) सहित सभी स्वास्थ्य संस्थानों में उपलब्ध सुविधाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा आमजनों को सुलभ, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने हेतु संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए.
समीक्षा के क्रम में राजनगर में घटित हालिया घटना, जिसमें जच्चा-बच्चा की मृत्यु हुई, पर उपायुक्त द्वारा गंभीर चिंता व्यक्त की गई तथा इसे स्वास्थ्य व्यवस्था में लापरवाही एवं अनियमितता का द्योतक बताया गया. उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि इस प्रकार की घटनाएं किसी भी परिस्थिति में स्वीकार्य नहीं हैं तथा भविष्य में ऐसी लापरवाही पाए जाने पर संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.
उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता आमजनों को सुलभ, गुणवत्तापूर्ण एवं बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है. इसके लिए सभी स्वास्थ्य केंद्रों में आवश्यक संसाधन एवं सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं. इसके बावजूद यदि कहीं भी लापरवाही या अनियमितता पाई जाती है, तो संबंधित चिकित्सा पदाधिकारी एवं कर्मियों की जवाबदेही निर्धारित करते हुए कठोर कार्रवाई की जाएगी.
उपायुक्त द्वारा अनुमंडल पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्राधीन स्वास्थ्य केंद्रों का नियमित एवं सघन निरीक्षण करने तथा प्रखंड विकास पदाधिकारियों को प्रतिदिन कम-से-कम एक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं, कर्मियों की उपस्थिति एवं मरीजों को प्रदान की जा रही सेवाओं का प्रत्यक्ष आकलन करने का निर्देश दिया गया. निरीक्षण के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर त्वरित कार्रवाई करते हुए जिला मुख्यालय को अवगत कराने के निर्देश दिए गए.
उपायुक्त द्वारा सभी चिकित्सा पदाधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देशित किया गया कि वे निरीक्षण के क्रम में अनुमंडल पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी तथा जिला, अनुमंडल एवं प्रखंड स्तर से जारी निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करें तथा आमजनों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराएं. साथ ही सभी चिकित्सा पदाधिकारी, चिकित्सा कर्मी, डीपीएम एवं बीपीएम को निर्धारित रोस्टर के अनुरूप अपने कार्यस्थल पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने तथा कार्यस्थल के समीप निवास सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया. बिना स्वीकृत अवकाश के कार्यक्षेत्र से बाहर पाए जाने पर कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी.
उपायुक्त ने डीपीएम एवं बीपी एम को सख्त शब्दों में अपनी कार्यशैली में सुधार लाने का निर्देश दिया तथा सभी चिकित्सा पदाधिकारियों एवं कर्मियों को जिम्मेदारी एवं संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की हिदायत दी. उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य सेवा अत्यंत महत्वपूर्ण जनसेवा का क्षेत्र है, जिसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी. ऐसी स्थिति में संबंधित पदाधिकारी के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई एवं प्राथमिकी दर्ज की जाएगी.
बैठक में सिविल सर्जन डॉ. सरजू प्रसाद सिंह, अनुमंडल पदाधिकारी सरायकेला श्री अभिनव प्रकाश, अनुमंडल पदाधिकारी चांडिल श्री विकास कुमार राय, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, डीपीएम, बीपीएम एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे.
यह भी पढ़ें: सरायकेला उपायुक्त के निर्देश पर जिले के प्रखंडों के स्वास्थ्य केंद्रों का किया जा रहा है निरीक्षण