न्यूज़11 भारत
सिमडेगा/डेस्क: सिमडेगा शहरी क्षेत्र के करीब बिरनीबेड़ा गांव के आसपास कल रविवार की देर रात करीब 25 हाथियों के झुंड आ गया. इसकी सूचना मिलते ही ग्रामीण दहशत में आ गए.
बताया गया कि हाथियों का झुंड केलाघाघ के चिमटी घाट के आसपास विचरण कर रहा था. सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम और सदर पुलिस मौके पर पहुंची और हाथियों के झुंड को सुरक्षित तरीके से जंगल की ओर भेजने का प्रयास किया.
बिरनीबेड़ा गांव केलाघाघ के चिमटी घाट के समीप ही है. ऐसे में हाथियों के झुंड का केलाघाघ क्षेत्र की ओर बढ़ने की आशंका को लेकर लोगों कि चिंता बढ़ गई थी. पिछले वर्ष भी केलाघाघ के करीब पहुंचा हाथी शहर में प्रवेश कर गया था. फिर से हाथी शहर में प्रवेश ना करे इसको लेकर टीम अलर्ट रही. शहरी क्षेत्र के करीब हाथियों की मौजूदगी की सूचना के बाद वन विभाग और पुलिस ने आसपास के गांवों में भी सतर्कता बढ़ा दी.
अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे वन्यजीवों के साथ अनावश्यक छेड़छाड़ न करें और किसी भी आपात स्थिति में संबंधित विभाग को तत्काल सूचना दें. इससे मानव-वन्यजीव संघर्ष की संभावित घटनाओं को रोकने में मदद मिलेगी और ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकेगी.
इसे भी पढ़ें: बोकारो की बेटी यूरी सेठी बनी गुजरात रॉयल्स की कप्तान, KPL-2026 में संभालेंगी टीम की कमान