अमित दत्ता/न्यूज़ 11भारत
बुंडू/डेस्क: अवैध अफीम की खेती के विरुद्ध जागरूकता अभियान के तहत शनिवार को बुंडू प्रखंड सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता एसडीओ बुंडू किस्टो कुमार बेसरा ने की. इस मौके पर बुंडू पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी राम कुमार वर्मा, अंचलाधिकारी बुंडू हंस कुमार हेंब्रोम, प्रखंड विकास पदाधिकारी, मुखिया, ग्राम प्रधान सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे.
बैठक में बुंडू एसडीओ किस्टो कुमार बेसरा ने कहा कि क्षेत्र में अवैध अफीम की खेती को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उन्होंने ग्राम प्रधानों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि यदि उनके क्षेत्र में अफीम की फसल पाई जाती है और उसकी जानकारी प्रशासन को समय पर नहीं दी जाती है, तो उनके विरुद्ध भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी. अफीम की खेती करने वालों पर एनडीपीएस एक्ट के तहत कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
उन्होंने कहा कि अफीम की खेती से समाज और आने वाली पीढ़ी पर घातक प्रभाव पड़ता है, इसलिए सभी जनप्रतिनिधि और ग्रामीण इस पर रोक लगाने में प्रशासन की मदद करें. उन्होंने स्पष्ट किया कि अफीम की खेती करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा.
बैठक के दौरान अधिकारियों ने उपस्थित लोगों को बाल विवाह रोकने के लिए भी प्रेरित किया और कहा कि समाज में इस कुप्रथा को समाप्त करने के लिए सामूहिक पहल आवश्यक है.
बैठक के अंत में यह निर्णय लिया गया कि पंचायत स्तर पर लगातार जागरूकता अभियान चलाया जाएगा और अफीम की खेती पर सख्ती से रोक लगाने के लिए पुलिस एवं प्रशासन संयुक्त रूप से निगरानी रखेगा.
यह भी पढ़ें: जमशेदपुर में स्वच्छता के नए सफर की शुरुआत, स्वच्छ शहर जोड़ी के साथ एक ऐतिहासिक कदम