अजीत कुमार/न्यूज 11 भारत
लातेहार/डेस्क: माननीय सांसद चतरा लोकसभा क्षेत्र कालीचरण सिंह की अध्यक्षता में डिस्ट्रिक्ट डेवलपमेंट कोआर्डिनेशन एंड मॉनिटरिंग कमिटी (DDCMC) "DISHA" की समीक्षात्मक बैठक का आयोजन समाहरणालय सभागार में किया गया.बैठक के दौरान सर्वप्रथम प्रधानमंत्री खनिज क्षेत्र कल्याण योजना (DMFT), जिला अनाबद्ध निधि एवं CSR मद से संचालित विकास कार्यों का ऑनलाइन उद्घाटन माननीय सांसद द्वारा किया गया. उद्घाटित कार्यों में DMFT लातेहार के अंतर्गत प्रखंड महुआडांड के पंचायत अम्बाटोली में प्रोसेसिंग यूनिट/भवन का जीर्णोद्धार कार्य, जिला अनाबद्ध निधि मद के तहत पंचायत पांडेयपुरा, ग्राम किनामार में कृषि परिसर, किनामार वेयरहाउस क्षेत्र में 17 गायों के लिए गौशाला निर्माण, विद्युतीकरण, सम्प टैंक एवं जलमीनार सहित गहरी बोरिंग, तथा CSR मद के अंतर्गत नगर पंचायत लातेहार में इंडोर स्टेडियम (बैडमिंटन) के जीर्णोद्धार कार्य शामिल हैं.इस अवसर पर माननीय विधायक, मनिका विधानसभा क्षेत्र श्री रामचन्द्र सिंह एवं माननीय विधायक, लातेहार विधानसभा क्षेत्र श्री प्रकाश राम की गरिमामयी उपस्थिति रही.कार्यक्रम के दौरान माननीय सांसद, माननीय विधायक, मनिका , माननीय विधायक, लातेहार द्वारा खिलाड़ियों के बीच स्पोर्ट्स किट का वितरण भी किया गया, जिससे खिलाड़ियों में उत्साह का संचार हुआ.
बैठक में उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता द्वारा पूर्व में हुए दिशा की बैठक में दिए गए निर्देशों के आलोक में हुए कार्यों की अनुपालन प्रतिवेदन प्रेजेंटेशन के माध्यम से प्रस्तुत किया गया. अनुपालन प्रतिवेदन में मुख्य रूप से पीसीसी पथ निर्माण, जल जीवन मिशन, सड़क मरम्मतीकरण, डिजिटल इंडिया अन्तर्गत पंचायत में नेट की सुविधा प्रदान करने संबंधी, शिक्षा विभाग अन्तर्गत खेल सामग्री के खरीद में अनिमियतता का जांच की पुष्टि होने के कारण संबंधित शिक्षकों को निलंबित करने संबंधित, नवसृजित प्रखण्ड सरयू को अंचल का दर्जा दिलाने सम्बंधित, लातेहार जिलान्तर्गत पथ के किनारे एवं अन्य स्थलों में वन विभाग से आम, जामुन, शीशम, बर, नीम आदि पौधे लागने संबंधित, लातेहार जिला में मेडिकल कॉलेज खोलने हेतु विभाग को प्रस्ताव समर्पित करने संबंधित, विद्युत आपूर्ति, जलापूर्ति से संबंधित अनुपालन की जानकारी लेते हुए अधतन स्थिति की समीक्षा कर आवश्यक व उचित दिशा निर्देश दिया गया.
अनुपालन प्रतिवेदन की समीक्षा के क्रम में माननीय सांसद ने सभी कार्यकारी एजेंसियों को निर्देश दिया कि लातेहार जिलांतर्गत क्रियान्वित की जा रही सभी योजनाओं में जहाँ अब तक न्यूनतम मजदूरी दर का सूचना पट्ट नहीं लगाए गए हैं, वहाँ तत्काल स्थल जांच कर न्यूनतम मजदूरी दर सहित सूचना पट्ट अनिवार्य रूप से लगाया जाए, ताकि योजनाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित हो सके और आमजन को सही जानकारी प्राप्त हो.इस दौरान माननीय सांसद महोदय ने कहा कि स्थानीय विधायक एवं जनप्रतिनिधियों के द्वारा उठाये गए जनहित के मुद्दों पर संवेदनशील होकर कार्य करें तथा जनहित में योजना विलंब न हो और गुणवत्तापूर्ण कार्य हो, योजनाओं का कियान्वयन ससमय हो इसे विभागीय पदाधिकारी सुनिश्चित करें.बैठक में जल जीवन मिशन के तहत जिले में हो रहे कार्यों की विस्तार से जानकारी लेने के क्रम में माननीय सांसद महोदय ने ग्रामीण क्षेत्रों में जलापूर्ति योजनाओं एवं इससे संबंधित ग्रामीणों की समस्याओं को लेकर कार्यपालक अभियंता पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल को विशेष ध्यान देते हुए कार्य करने का निर्देश दिया.
प्रधानमंत्री आवास , अबुआ आवास योजना के माध्यम से लाभुकों को आवास का लाभ देने के संबंध में हो रहे कार्यों की समीक्षा की गई. समीक्षा के दौरान माननीय सांसद महोदय ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि हाथियों से क्षतिग्रस्त घरों के लाभुकों को प्राथमिकता स्तर पर आवास योजनाओं से जोड़ा जाए, ताकि ऐसे प्रभावित परिवारों को शीघ्र आवास उपलब्ध कराया जा सके और उन्हें सुरक्षित निवास मिल सके.
माननीय सांसद ने कहा कि आवास केवल एक योजना नहीं बल्कि आमजन के लिए सम्मानजनक एवं सुरक्षित जीवन का आधार है. अतः पात्र लाभुकों की पहचान कर समयबद्ध तरीके से आवास स्वीकृति एवं निर्माण कार्य सुनिश्चित किया जाए.समीक्षा क्रम में माननीय सांसद ने योजनाबद्ध तरीके से कार्य कर उक्त व्यवस्थाओं एवं सुविधाओं को दुरुस्त कर सभी मामलों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व उचित दिशा निर्देश दिया.बैठक में कृषि विभाग, पशुपालन विभाग, स्वास्थ्य विभाग, विद्युत विभाग, पंचायत राज विभाग, ग्रामीण विकास विभाग, आपूर्ति विभाग, समेकित बाल विकास विभाग, नगर पंचायत, सामाजिक सुरक्षा विभाग, शिक्षा विभाग, सड़क मरम्मतीकरण, जल जीवन मिशन, एसबीएम, पुल निर्माण, नियमित जलापूर्ति, अवैध खनन पर किए जा रहे कार्यों की गहन समीक्षा कर आवश्यक व उचित दिशा निर्देश दिया गया.
इस दौरान उपायुक्त द्वारा माननीय सांसद महोदय, माननीय विधायक लातेहार, माननीय विधायक मनिका को स्मृति चिन्ह व शॉल भेंट किया गया.बैठक में माननीय विधायक, लातेहार, श्री प्रकाश राम, माननीयB विधायक, मनिका श्री रामचन्द्र सिंह, उपायुक्त श्री उत्कर्ष गुप्ता, पुलिस अधीक्षक श्री कुमार गौरव , जिला वन प्रमंडल पदाधिकारी श्री प्रवेश अग्रवाल, जिला परिषद अध्यक्ष श्रीमती पूनम देवी, परियोजना निदेशक श्री प्रवीण कुमार गगराई, अपर समाहर्ता श्री रामा रविदास, निदेशक डीआरडीए श्री प्रभात रंजन चौधरी, अनुमंडल पदाधिकारी लातेहार श्री अजय कुमार रजक, अनुमंडल पदाधिकारी महुआदांड श्री बिपिन कुमार दुबे, जिला पंचायती राज पदाधिकारी श्री श्रेयांश, सांसद प्रतिनिधि, विधायक प्रतिनिधि, जिला परिषद सदस्य, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, जिला कृषि पदाधिकारी, जिला मत्स्य पदाधिकारी, जिला सहकारिता पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक, जिला पशुपालन पदाधिकारी, अन्य सभी संबंधित पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी उपस्थित थे.
यह भी पढ़ें:चंदवा में बाइक की टक्कर से ऑटो सवार महिला समेत तीन घायल, दो की हालत गंभीर