न्यूज 11 भारत
बहरागोड़ा/डेस्क: अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर बहरागोड़ा में भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) एवं झारखंड राज्य किसान सभा के संयुक्त तत्वावधान में एक विशाल रैली निकालकर मोदी सरकार की नीतियों के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया. नेताजी शिशु पार्क से उच्च विद्यालय चौक तक निकले इस आक्रोश मार्च में 'मजदूर विरोधी लेबर कोड रद्द करो' और '8 घंटे काम का अधिकार बरकरार रखो' जैसे नारों के साथ हजारों की संख्या में श्रमिक और किसान शामिल हुए.
मुख्य वक्ता सुफल महतो ने शिकागो के शहीदों को नमन करते हुए कहा कि वर्तमान केंद्र सरकार 4 लेबर कोड, बीज-बिजली विधेयक और कॉर्पोरेट परस्त व्यापार समझौतों के माध्यम से मजदूरों और किसानों पर देश का सबसे बड़ा हमला कर रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अडाणी-अंबानी के फायदे के लिए रेलवे, हवाई अड्डे और जल-जंगल-जमीन को निजी हाथों में सौंप रही है, जिसके खिलाफ अब एक निर्णायक आंदोलन अनिवार्य हो गया है.
वरिष्ठ नेता कनहाई मुंडा द्वारा झंडोत्तोलन के साथ शुरू हुए इस कार्यक्रम में स्वपन महतो, पानमुनी मांझी और राजकुमार दुबे सहित कई वक्ताओं ने एकजुट होकर उत्पादनकारी वर्ग के अधिकारों की रक्षा हेतु अंतिम दम तक संघर्ष करने की शपथ ली.
यह भी पढ़ें: जिनागोड़ा माड़ी गोदाम में ट्रेंच कटिंग पर महापौर सख्त, कार्य तत्काल रुकवाया