वीरेन्द्र शर्मा/न्यूज11 भारत
बरही/डेस्क: चौपारण थाना क्षेत्र में ग्रामीण बैंक के पास NH-19 पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में साइकिल सवार की मौके पर ही मौत हो गई. मृतक की पहचान बजरंग टोला निवासी रीतलाल साहू के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, रीतलाल साहू साइकिल से जा रहे थे, तभी एक तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आ गए. टक्कर इतनी जोरदार थी कि उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई.
घटना की सूचना मिलते ही चौपारण पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि विनोद सिंह और चौपारण थाना के एएसआई बादल महतो मौके पर पहुंचे. आक्रोशित ग्रामीणों ने ट्रक को मौके पर ही रोक कर पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया. पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और आगे की कार्रवाई कर रही है.
बताया जा रहा है कि मृतक रीतलाल साहू चौपारण ब्लॉक मोड़ सब्जी बाजार में नींबू बेचकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे. उनकी मौत से परिजनों में कोहराम मचा है और इलाके में शोक का माहौल है.
यह भी पढ़ें: रांची में मुहर्रम पर निकलने वाले जुलूस के लिए जिला प्रशासन और ट्रैफिक पुलिस ने लागू की शहर में विशेष यातायात व्यवस्था