न्यूज11 भारत
गोमिया/डेस्क: आईईएल थाना क्षेत्र में ठगी का मामला सामने आया है, जहाँ ठगों ने एक महिला को जेवर चमकाने का झांसा देकर उसकी कीमती सोने की अंगूठी उड़ा ली. पुलिस ठगों के खोजबीन में जुटी है. घटना बुधवार सुबह 11 बजे की है जब गर्वमेंट कॉलोनी नावाडाड़ी फेज एक निवासी पेंटर अरविंद की पत्नी बबिता देवी व बहन सोनम कुमारी अपने दिनचर्या के कार्यों में व्यस्त थे. तभी दो अज्ञात युवक घर के दरवाजे पर पहुंचे और दरवाजा खटखटाया. सोनम कुमारी द्वारा दरवाजा खोलने पर युवकों ने खुद को एक विशेष कंपनी का कर्मचारी बताते हुए कहा कि लिक्विड के माध्यम से पुराने और काले पड़े जेवरों को मिनटों में नया जैसा चमकाने का काम करते हैं और इधर उधर की बात करते हुए भरोसे में लिया. फिर घर से हल्दी पाउडर मांग घोल बनाकर पहले घर के तांबे और पीतल के बर्तनों को मुफ्त में चमका दिया. फिर उसके पहने हुए पायल को साफ़ कर देने की बात कही तो सोनम कुमारी ने अपना पायल दे दिया तो ठगों ने उसे भी चमकाकर पूरी तरह भरोसे में ले लिया. जिसके बाद ठगों ने सोनम के हाथ में पहने सोने की अंगूठी को भी फ्री में चमकाने का ऑफर दिया तो सोनम ने अपनी उंगली से सोने की अंगूठी निकालकर दे दी.
जिसे ठगों ने एक केमिकल युक्त घोल में डाला और कुछ देर बाद घोल से निकालकर एक कागज के पुड़िया में लपेटकर यह कहते हुए दिया कि कुछ देर बाद खोलने पर इसकी चमक और बढ़ जाएगी और ठग वहां से रफूचक्कर हो गए. ठगों के कहे अनुसार कुछ देर इंतज़ार के बाद जब सोनम ने पुड़िया खोला तो सोने की अंगूठी गायब थी. जिसके बाद शोर मचाने पर आसपास के लोग इकट्ठा हुए ठगों कि खोजबीन शुरू की लेकिन तब तक ठग अपना काम कर दूर निकल चुके थे.
घटना की सूचना स्थानीय आईईएल थाना पुलिस और स्थानीय मुखिया प्रतिनिधि पिंटू पासवान आदि को दी गई. पुलिस मौके पर पहुंच ठगों के सुराग के लिए आसपास के सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगालने में जुटी है. वहीं लोगों से विशेषकर घरेलू महिलाओं से अपील भी कर रही है कि ऐसे अज्ञात लोगों,फेरीवालों या जेवर चमकाने का दावा करने वालों के झांसे में न आएं.
यह भी पढ़ें: पलामू: पीएसए की पहल पर नेउरा में पनशाला का उद्घाटन, हर स्कूल द्वारा संचालित हो पनशाला: अविनाश वर्मा