अमरनाथ पाठक/न्यूज11 भारत
देवघर/डेस्क: पालोजोरी प्रखंड के कुंजबोना पंचायत अंतर्गत दहजोरिया गांव में शुक्रवार की दोपहर वज्रपात की चपेट में आने से 52 वर्षीय निमचंद सोरेन की मौत हो गई. घटना दोपहर लगभग 2 बजे की बताई जाती है.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज बारिश के दौरान निमचंद सोरेन घर के बरामदे में बैठे थे, तभी अचानक जोरदार वज्रपात हुआ और वह इसकी चपेट में आ गए. बिजली गिरने की ताकत इतनी प्रचंड थी कि घर का बरामदा भी क्षतिग्रस्त हो गया. आनन-फानन में ग्रामीणों ने मुखिया लालकिशोर सोरेन को सूचना दी. मुखिया के प्रयास से एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और मृतक को पालोजोरी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
घटना के बाद गांव में मातम पसर गया है. मृतक अपने पीछे पत्नी साधौनी किस्कू और एक पुत्र छोड़ गए हैं. पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है और परिवार गहरे सदमे में डूबा हुआ है.
वहीं घटना की जानकारी मिलने पर विधायक उदय शंकर सिंह उर्फ चुन्ना सिंह ने गहरी संवेदना व्यक्त की. उन्होंने कहा कि यह अत्यंत दुःखद घटना है और मृतक के परिजनों को सरकारी प्रावधान के अनुसार मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. अंचलाधिकारी को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं.
गांव के लोग अब प्रशासन से अपेक्षा कर रहे हैं कि पीड़ित परिवार को जल्द से जल्द आर्थिक मदद उपलब्ध कराई जाए ताकि उनके जीवन-यापन में सहूलियत हो सके.
यह भी पढ़ें: बाबा बैद्यनाथ धाम में दुर्गापूजा का विशेष आयोजन, मां भगवती को चढ़ेगा 56 भोग