प्रेम कुमार सिंह/न्यूज 11 भारत
भरनो/डेस्क: भरनो-परवल मुख्य मार्ग पर सोमवार की शाम एक सड़क दुर्घटना में युवक घायल हो गया.घटना भरनो थाना क्षेत्र के सतीटोली के समीप नवनिर्मित नहर के पास की है,जहां एक मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरी.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बेड़ो थाना क्षेत्र के जरिया काटामाली गांव निवासी 28 वर्षीय कपिल कुमार महतो अपने ननिहाल डुड़िया गांव आया हुआ था.सोमवार की शाम वह अपने अपाची बाइक से अकेले ही वापस लौट रहा था.इसी दौरान सतीटोली के पास अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और बाइक सहित वह नहर में जा गिरा.हादसे में युवक कुछ समय के लिए अचेत हो गया.घटना के बाद आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना भरनो थाना पुलिस को दी.सूचना मिलते ही सब-इंस्पेक्टर मंटू चौधरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायल युवक को नहर से बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भरनो पहुंचाया.जहां अस्पताल में डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद युवक की स्थिति सामान्य बताई और उसे छुट्टी दे दी गई.बताया जा रहा है कि युवक शराब के नशे में बाइक चला रहा था,जिससे उसका संतुलन बिगड़ा और यह दुर्घटना हुई.
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में नशे में वाहन चलाने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं,जिससे हादसों का खतरा बढ़ गया है.पुलिस द्वारा लगातार जागरूकता और कार्रवाई के बावजूद इस पर पूरी तरह अंकुश नहीं लग पा रहा है.फिलहाल पुलिस मामले की जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई में जुटी हुई है और लोगों से नशे में वाहन न चलाने की अपील कर रही है.
यह भी पढ़ें: बोकारो थर्मल अस्पताल से हुई तीन ऐसी की चोरी, चिकित्सकों के केबिन में लगे एसी लेकर चोर हुए फरार