पंकज कुमार/न्यूज11 भारत
घाघरा/डेस्क: घाघरा थाना क्षेत्र के मुख्यालय से सटे महादानिया टोला में गुरुवार को आपसी विवाद में बड़े भाई ने अपने छोटे भाई की टांगी से वार कर हत्या कर दी. मृतक की पहचान 35 वर्षीय तिवारी उरांव के रूप में हुई है. घटना के बाद आरोपी का बड़ा भाई सुरेंद्र उरांव मौके से फरार हो गया. प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब नौ बजे सुरेंद्र उरांव का अपनी पत्नी से किसी बात को लेकर विवाद हो गया. आरोप है कि विवाद के दौरान सुरेंद्र अपनी पत्नी के साथ मारपीट करने लगा. इसके बाद वह रसोई में जाकर गैस सिलेंडर का पाइप खोलकर गैस चालू कर दिया, जिससे विवाद और बढ़ गया. शोर सुनकर तिवारी उरांव वहां पहुंचे और बीच-बचाव करने लगे.
वही मृतक की पुत्री अनीशा उरांव के अनुसार, इसी दौरान सुरेंद्र उरांव ने हाथ में टांगी उठाकर तिवारी उरांव के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिया. गंभीर रूप से घायल तिवारी उरांव को परिजनो ने आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घाघरा लेकर पहुंचे. प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल गुमला रेफर कर दिया. वहां से चिकित्सकों ने उन्हें रिम्स रेफर किया, लेकिन रांची ले जाने के क्रम में रास्ते में ही उनकी मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही घाघरा थाना के सब इंस्पेक्टर मनीष कुमार अपने दल बल के साथ घटना स्थल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी. वही पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है.