अभिषेक राज/न्यूज11 भारत
गया जी/डेस्क: गया जिले के गुरपा थाना क्षेत्र के रंगू नगर में गुरुवार शाम एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को चिंता में डाल दिया. खेलते-खेलते तीन वर्षीय मासूम पीयूष कुमार, पिता दिनेश मांझी, खुले पड़े बोरवेल में गिर गया. घटना शाम करीब 7:30 बजे की बताई जा रही है. सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए और पुलिस व प्रशासन को इसकी जानकारी दी गई.
घटना के बाद प्रशासन ने तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया. बच्चे को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए बोरवेल के समानांतर जेसीबी मशीनों से तेजी से खुदाई की जा रही है. मामले की गंभीरता को देखते हुए पटना से एसडीआरएफ की विशेष टीम को भी बुलाया गया है, जो घटनास्थल के लिए रवाना हो चुकी है. इसके साथ ही बोरवेल के भीतर बच्चे तक ऑक्सीजन पहुंचाने की व्यवस्था की गई है और स्वास्थ्य विभाग की टीम भी मौके पर मौजूद है.
पुलिस, प्रशासन और राहत दल पूरी मुस्तैदी के साथ मासूम को सकुशल बाहर निकालने के प्रयास में जुटे हैं. पूरे इलाके में दुआओं का माहौल है और ग्रामीण लगातार बच्चे की सलामती की कामना कर रहे हैं. प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे धैर्य बनाए रखें और रेस्क्यू टीम के कार्य में सहयोग करें. पूरे जिले की नजर अब इस रेस्क्यू ऑपरेशन पर टिकी हुई है.