संदीप बरनवाल/न्यूज़11भारत
गावां/डेस्क: गावां थाना क्षेत्र के हरला निवासी सोनू कुमार अपनी प्रेमिका के साथ सतगावां (कोडरमा) में विवाह रचा लिया, जिसके बाद सोनू की माँ वहां पहुँची व हंगामा करने लगी. जानकारी के अनुसार, सतगावां थाना क्षेत्र के शिवपुर-रामशाला स्थित चिमनी भट्टा के समीप एक निजी मकान में ठहरे प्रेमी युगल को मंगलवार को सतगावां पुलिस ने अपने कब्जे में लिया. बताया जाता है कि दोनों ने आपसी सहमति से प्रेम विवाह किया था.
इस संबंध में लड़के की मां ने आरोप लगाया कि वह अपने पुत्र सोनू कुमार को शादी के लिए घर बुलाई थी, लेकिन गांव के कुछ युवकों ने उसे बहला-फुसलाकर शराब पिलाई और गांव की ही एक लड़की से जबरन शादी करा दी. इसके बाद दोनों को सतगावां थाना क्षेत्र के माधोपुर रोड स्थित चिमनी भट्टा के पास एक रिश्तेदार के घर में रखा गया था.
इधर, लड़के के परिजन खोजबीन करते हुए उक्त स्थान पर पहुंचे, जहां दोनों को साथ देखकर कई घंटों तक हंगामा और विवाद होता रहा. सूचना मिलने पर सतगावां पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को अपने साथ थाना ले गई. पुलिस पूछताछ में प्रेमी युगल ने बताया कि उन्होंने अपनी मर्जी से शादी की है. बताया जा रहा है कि दोनों बालिग हैं. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.
यह भी पढ़ें: बसिया में चला सघन वाहन जांच अभियान, पिकेट पुलिस ने की एंटी क्राइम अभियान के तहत वाहनों की जांच