मुमताज अहमद/न्यूज11 भारत
खलारी/डेस्क: सीसीएल के लीज होल्ड क्षेत्र में अवैध कोयला खनन के खिलाफ सीआईएसएफ का अभियान लगातार जारी है.बुधवार को सीआईएसएफ की टीम ने एनके एरिया के रोहिणी माइंस के 09 नंबर फॉरेस्ट एरिया तथा पिपरवार के राजधर साइडिंग के आसपास अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी की.रोहिणी क्षेत्र में कार्रवाई के दौरान सीआईएसएफ ने 2.470 टन अवैध कोयला बरामद किया. इसके अलावा अवैध खनन में प्रयुक्त तीन ड्रिल मशीन, एक इलेक्ट्रिकल वाटर मोटर, पांच तसला, चार ट्यूब लाइट सहित अन्य खनन उपकरण जब्त किए गए. बरामद कोयले को नियमानुसार प्रबंधन को सौंप दिया गया, जबकि जब्त उपकरणों को मैक्लुस्कीगंज थाना में जमा कराया गया है.
इसी अभियान के तहत राजधर साइडिंग के आसपास अवैध रूप से रखे गए कोयले के खिलाफ भी कार्रवाई की गई. बरामद कोयले को राजधर साइडिंग लाकर अनलोड कराया गया. भारी बारिश के कारण सड़क और आसपास का क्षेत्र कीचड़ में तब्दील हो गया था, जिससे कोयला हटाने में लगी जेसीबी भी कीचड़ में फंस गई. टीम ने काफी मशक्कत के बाद जेसीबी को बाहर निकाला और कोयले को सुरक्षित रूप से साइडिंग में अनलोड कराया.सहायक कमांडेंट फैजान अहमद अंसारी के निर्देशन में हुई कार्रवाई में सहायक कमांडेंट मनोहर बरवाहा,निरीक्षक एलएस मिंज,पंकज झा,रश्मि सहित अधिकारी एवं रेड टीम शामिल रही.कमांडेंट अमित कुमार ने कहा कि सीसीएल के लीज होल्ड क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी.उन्होंने कहा कि अवैध कोयला खनन और कोयले के गैरकानूनी कारोबार के खिलाफ निगरानी एवं छापेमारी आगे भी जारी रहेगी.
यह भी पढ़ें: यूजीसी के फैसले को वापस लेने समेत पांच मांगें नहीं मानी गईं तो आगे होगा उग्र आंदोलन - सवर्ण एकता मंच