संतोष श्रीवास्तव/न्यूज़ 11भारत
पलामू/डेस्क: पलामू जिले के मेदिनीनगर स्थित माया पैलेस होटल में आयोजित एक भव्य प्रेसवार्ता के माध्यम से पांडु प्रखंड के वृद्ध खैरा गांव में होने वाले ऐतिहासिक मकर संक्रांति मेले की तैयारियों का औपचारिक ऐलान किया गया. होटल के प्रोपराइटर और वरिष्ठ नेता एनबी सिंह, मोहित सिंह, मैनेजर प्रिंस सिंह और विशाल सिंह ने संयुक्त रूप से मीडिया को संबोधित करते हुए बताया कि इस वर्ष मेले को अभूतपूर्व और भव्य रूप देने की पूरी तैयारी कर ली गई है. एनबी सिंह ने जोर देकर कहा कि वृद्ध खैरा इलाके के लिए यह केवल एक मेला नहीं, बल्कि एक महान उत्सव है, जिसमें न केवल स्थानीय लोग बल्कि विभिन्न राज्यों से आने वाले श्रद्धालु भी अपनी गहरी आस्था प्रकट करते हैं.
इस मेले का मुख्य आकर्षण यहाँ स्थित ऐतिहासिक श्री राधा कृष्ण वेणुगोपाल मंदिर है, जिसकी जड़ें बेहद आध्यात्मिक और प्राचीन हैं. मेदिनीनगर से लगभग 65 किलोमीटर की दूरी पर स्थित इस मंदिर की स्थापना वर्ष 1950 में स्वयं पूज्य त्रिदंडी स्वामी जी महाराज द्वारा की गई थी. लगभग 70 वर्षों से भी अधिक पुराने इस पावन दरबार में भगवान वेणु गोपाल के साथ श्री देवी, भू देवी, सालिग्राम जी और लड्डू गोपाल विराजमान हैं. मंदिर की स्थापत्य कला और आध्यात्मिक परिवेश ऐसा है कि इसके द्वार पर जय-विजय पहरेदार के रूप में और हनुमान जी सेवक के रूप में भक्तों का स्वागत करते हैं. जनश्रुति और भक्तों का विश्वास है कि इस दरबार में मांगी गई हर मन्नत अवश्य पूरी होती है, यही कारण है कि यहाँ का महत्व समय के साथ और भी बढ़ता गया है.
आगामी 14 जनवरी से 18 जनवरी तक चलने वाले इस पांच दिवसीय मेले को लेकर पूरे पांडु प्रखंड में भारी उत्साह का माहौल है. मेले के दौरान मनोरंजन और व्यापार का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा, जहाँ विभिन्न प्रकार के आधुनिक झूले बच्चों और युवाओं के आकर्षण का केंद्र होंगे. साथ ही, मेले के परिसर में सोनार, बर्तन और घरेलू सामानों की सजी-धजी दुकानें और विभिन्न प्रकार के स्टॉल लगाए जा रहे हैं, जो श्रद्धालुओं की जरूरतों को पूरा करेंगे. त्रिदंडी स्वामी जी के विशेष दरबार की उपस्थिति इस आयोजन को और भी दिव्य बनाती है, जहाँ लोग पूजा-अर्चना कर नई ऊर्जा के साथ मकर संक्रांति का त्योहार मनाते हैं.
यह भी पढ़ें: सोनाहातू में प्रखंड स्तरीय स्वास्थ्य मेले में सैकड़ों लोगों की हुई स्वास्थ्य जांच