न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: ब्रिटेन में भारतीय मूल के एक युवा नेता ने नया इतिहास रच दिया है. 23 वर्षीय तुषार कुमार को एल्स्ट्री और बोरहमवुड शहर का नया मेयर नियुक्त किया गया है. इसके साथ ही वह ब्रिटेन के इतिहास में सबसे कम उम्र के भारतीय मूल के मेयर बन गए हैं. इससे पहले इतनी कम उम्र में किसी भारतीय मूल के व्यक्ति ने मेयर पद नहीं संभाला था. तुषार कुमार ने लंदन के प्रतिष्ठित किंग्स कॉलेज से राजनीति विज्ञान की पढ़ाई की है. वह ब्रिटेन की प्रमुख राजनीतिक पार्टी लेबर पार्टी से जुड़े हुए हैं और कम उम्र में ही राजनीति में अपनी सक्रिय पहचान बना चुके हैं.
उनका राजनीतिक सफर छात्र जीवन के दौरान ही शुरू हो गया था. वर्ष 2023 में उन्हें एल्स्ट्री और बोरहमवुड टाउन काउंसिल का काउंसलर चुना गया था. उस समय भी वह क्षेत्र के सबसे युवा काउंसलरों में शामिल थे. काउंसिल में जिम्मेदारियां निभाने के दौरान तुषार कुमार ने पहले डिप्टी मेयर के रूप में कार्य किया. इसके बाद पिछले सप्ताह आयोजित एक विशेष समारोह में उन्हें आधिकारिक तौर पर मेयर पद की शपथ दिलाई गई. यह समारोह फेयरवे हॉल में आयोजित हुआ, जहां स्थानीय नेताओं और नागरिकों की मौजूदगी में उन्हें नई जिम्मेदारी सौंपी गई.
ये भी पढ़ें- ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए भारतीय हॉकी टीम की घोषणा, झारखंड की तीन खिलाड़ियों क चयन, सलीमा टेटे होंगी कप्तान