न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: होली के त्योहार से पहले ही घर जाने वाले यात्रियों की भीड़ ट्रेनों में साफ नजर आने लगी हैं. यूपी, बिहार और झारखंड जाने वाली अधिकांश ट्रेनों में दो महीने पहले ही स्लीपर श्रेणी की सीटें लगभग पूरी तरह भर चुकी हैं. दिल्ली से बनारस, प्रयागराज, पटना, रांची, दरभंगा और जयनगर की ओर जाने वाली कई प्रमुख ट्रेनों में अब केवल सीमित एसी सीटें ही उपलब्ध है जबकि कई गाड़ियां वेटिंग में पहुंच चुकी हैं.
1 से 4 मार्च के बीच सबसे ज्यादा यात्रा
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, होली इस बार 4 मार्च को मनाई जाएगी. त्योहार को लेकर सबसे ज्यादा यात्री 1 से 4 मार्च के बीच सफर करने की योजना बना रहे हैं. इन तारीखों की टिकट बुकिंग जनवरी में ही शुरू हो गई थी और मांग अधिक होने के कारण अधिकतर ट्रेनों की स्लीपर सीटें पहले ही बुक हो चुकी हैं.
बिहार-पूर्वांचल रूट पर दबाव
दिल्ली से बिहार और पूर्वांचल जाने वाली ट्रेनों में इस समय सबसे ज्यादा दबाव देखा जा रहा हैं. रेलवे का कहना है कि बुकिंग और वेटिंग की स्थिति को देखते हुए जल्द ही होली स्पेशल ट्रेनों की घोषणा की जा सकती है, ताकि यात्रियों को राहत मिल सके.
पटना रूट की मौजूदा स्थिति
पटना जाने वाली कई ट्रेनों में वेटिंग लंबी होती जा रही हैं. मगध एक्सप्रेस में थर्ड एसी की कुछ सीटें उपलब्ध है जबकि फरक्का एक्सप्रेस में गिनती की ही सीटें बची हैं. गरीब रथ, संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस और अमृत भारत एक्सप्रेस जैसी ट्रेनों में वेटिंग लगातार बढ़ रही हैं. वो कुछ इस प्रकार है:
पटना जाने वाली गाड़ियों की स्थिति
मगध एक्सप्रेस - 3 एसी में 40 सीट उपलब्ध
फरक्का एक्सप्रेस - 3 एसी में 4 सीट उपलब्ध
गरीबरथ एक्सप्रेस - वेटिंग संख्या 40
संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस - वेटिंग संख्या 28
अमृत भारत एक्सप्रेस - वेटिंग संख्या 53
प्रयागराज जाने वाली ट्रेनों में स्थिति
नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस - सीट उपलब्ध
महाबोधी एक्सप्रेस - सीट उपलब्ध
रांची गरीब रथ- वेटिंग संख्या 49
हवाई सफर भी होगा महंगा
ट्रेनों के साथ-साथ हवाई यात्रियों को भी होली के दौरान जेब ढीली करनी पड़ सकती हैं. जानकारी के मुताबिक, पटना, वाराणसी, प्रयागराज और रांची के लिए विमान किरायों में पहले ही करीब 10 फीसदी तक बढ़ोतरी देखने को मिल रही हैं. वहीं दिल्ली-दरभंगा रूट पर किराया 20 से 25 फीसदी तक बढ़ चुका हैं.
यह भी पढ़े: Jharkhand Weather: झारखंड में ठंड का कहर, कई जिलों में येलो अलर्ट जारी.. कोहरा बनेगा बड़ी मुसीबत