न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: साल 2025 अब अपने अंतिम पड़ाव पर है और 1 जनवरी 2026 के साथ ही नए साल की शुरुआत होगी. नए साल के आगमन के साथ कई अहम आर्थिक और वित्तीय नियमों में बदलाव होने जा रहे हैं, जिनका सीधा असर आम लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी और जेब पर पड़ेगा. LPG सिलेंडर के दाम, PAN-Aadhaar लिंकिंग, बैंकिंग नियम, टैक्स कानून, वेतन आयोग से लेकर किसानों और वाहन खरीदारों तक, लगभग हर वर्ग के लिए कुछ न कुछ बदलने वाला है. आइए जानते हैं 1 जनवरी से लागू होने वाले इन प्रमुख बदलावों के बारे में विस्तार से.
PAN-Aadhaar लिंकिंग
PAN और Aadhaar को लिंक कराने की अंतिम तारीख दिसंबर में समाप्त हो रही है. अगर समय रहते लिंकिंग नहीं की गई, तो 1 जनवरी से PAN निष्क्रिय हो सकता है. इसका असर इनकम टैक्स रिटर्न, रिफंड, बैंकिंग सेवाओं और कई सरकारी योजनाओं के लाभ पर पड़ेगा. निष्क्रिय PAN के चलते वित्तीय लेनदेन भी मुश्किल हो सकता है.
UPI, SIM और मैसेजिंग नियम होंगे सख्त
डिजिटल फ्रॉड पर लगाम लगाने के लिए बैंक UPI और डिजिटल भुगतान से जुड़े नियमों को और सख्त करने जा रहे हैं. इसके साथ ही SIM वेरिफिकेशन और मैसेजिंग प्लेटफॉर्म जैसे WhatsApp, Telegram और Signal पर निगरानी बढ़ाई जाएगी, ताकि साइबर ठगी को रोका जा सके.
FD और लोन दरों में बदलाव
SBI, PNB और HDFC जैसे बड़े बैंकों ने लोन की ब्याज दरों में कटौती की घोषणा की है, जो 1 जनवरी से प्रभावी होगी. वहीं, नई फिक्स्ड डिपॉजिट ब्याज दरें भी जनवरी से लागू होंगी, जिससे निवेशकों की रिटर्न रणनीति प्रभावित हो सकती है.
LPG सिलेंडर के दाम
हर महीने की तरह जनवरी में भी LPG सिलेंडर की कीमतों में बदलाव संभव है. 1 दिसंबर को कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम में 10 रुपये की कटौती की गई थी और दिल्ली में इसकी कीमत 1,580.50 रुपये थी. नए साल में घरेलू और कमर्शियल दोनों उपभोक्ताओं पर असर पड़ सकता है.
CNG, PNG और ATF की कीमतें
तेल कंपनियां LPG के साथ-साथ CNG, PNG और ATF (जेट फ्यूल) की कीमतों में भी बदलाव करती हैं. 1 जनवरी से इन ईंधनों के दाम घट या बढ़ सकते हैं, जिसका असर परिवहन और हवाई यात्रा की लागत पर पड़ेगा.
नया इनकम टैक्स कानून
नया इनकम टैक्स एक्ट 2025 पूरी तरह 1 जनवरी 2026 से लागू नहीं होगा, लेकिन जनवरी तक सरकार नए ITR फॉर्म और नियमों को अधिसूचित कर सकती है. ये नियम 1 अप्रैल 2026 से प्रभावी होंगे और 1961 के पुराने आयकर कानून की जगह लेंगे. नए कानून में टैक्स ईयर की परिभाषा, प्रोसेस और सिस्टम को सरल बनाने पर जोर होगा.
8वां वेतन आयोग
संभावना है कि 8वां वेतन आयोग 1 जनवरी 2026 से प्रभावी माना जाएगा. हालांकि इसे लागू करने में समय लग सकता है, लेकिन कर्मचारियों को सैलरी और पेंशन का एरियर इसी तारीख से मिलने की उम्मीद है. 7वां वेतन आयोग 31 दिसंबर 2025 को समाप्त हो जाएगा.
किसानों के लिए नए नियम
कुछ राज्यों, जैसे उत्तर प्रदेश, में PM-किसान योजना का लाभ लेने के लिए यूनिक किसान ID जरूरी होगी. वहीं, फसल बीमा योजना के तहत अब जंगली जानवरों से हुए नुकसान की रिपोर्ट 72 घंटे के भीतर करने पर कवर मिल सकेगा.
वाहनों की कीमतों में बढ़ोतरी
1 जनवरी 2026 से कई ऑटोमोबाइल कंपनियां वाहनों के दाम बढ़ाने जा रही हैं. Nissan, BMW, MG Motor, Renault और Ather Energy ने 3,000 रुपये से लेकर 3 प्रतिशत तक बढ़ोतरी की घोषणा की है, जबकि टाटा मोटर्स और होंडा ने भी संकेत दिए हैं.
ये भी पढ़ें- द्वितीय अयोध्या भोजपुरी सिने अवार्ड 2025 में सजेगा सितारों का भव्य मेला, पावर स्टार पवन सिंह रहेंगे खास आकर्षण