न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के भूटान दौरे पर जाने वाले विमान को खराब मौसम के कारण सिलीगुड़ी के बागडोगरा एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी. वित्त मंत्री ने दिल्ली से उड़ान भरी थी, लेकिन खराब मौसम के चलते उनके विमान को सुरक्षित रूप से सिलीगुड़ी में उतारा गया. जानकारी के अनुसार, मौसम ठीक न होने के कारण वित्त मंत्री को रात भर सिलीगुड़ी में रुकना पड़ा. अब शुक्रवार को मौसम में सुधार होने के बाद वह भूटान के लिए दोबारा उड़ान भरेंगी.
सीतारमण 30 अक्टूबर से 2 नवंबर 2025 तक भूटान की आधिकारिक यात्रा पर आर्थिक मामलों के विभाग के भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रही हैं. यह दौरा भूटान के साथ भारत के आर्थिक, वित्तीय और विकासात्मक संबंधों को और मजबूत बनाने की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है. सरकारी विज्ञप्ति के अनुसार, वित्त मंत्री अपने आधिकारिक दौरे की शुरुआत ऐतिहासिक सांगचेन चोखोर मठ के दर्शन से करेंगी. यह मठ 1765 में स्थापित हुआ था और 100 से अधिक भिक्षुओं का निवास स्थान है, जो उन्नत बौद्ध अध्ययन में संलग्न हैं.
अपनी यात्रा के दौरान, सीतारमण भारत सरकार के सहयोग से क्रियान्वित की जा रही कई प्रमुख परियोजनाओं का भी अवलोकन करेंगी. इनमें कुरिचू जलविद्युत संयंत्र बांध और पावरहाउस, ग्यालसुंग अकादमी, सांगचेन चोखोर मठ और पुनाखा द्ज़ोंग शामिल हैं. इसके अतिरिक्त, वह भूटान के राजा जिग्मे खेसर नामग्याल वांगचुक और प्रधानमंत्री दाशो शेरिंग तोबगे से मुलाकात करेंगी. वित्त मंत्री भूटान के वित्त मंत्री लेके दोरजी के साथ द्विपक्षीय बैठक भी करेंगी, जिसमें भारत-भूटान आर्थिक और वित्तीय सहयोग को और मजबूत करने के उपायों पर चर्चा होगी.
यह भी पढ़े: Bank Holidays in November: नवंबर में 13 दिन बंद रहेंगे बैंक! RBI ने जारी की छुट्टियों की पूरी लिस्ट, देखें यहां