न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: मध्य प्रदेश के ग्वालियर में एकतरफा प्यार में पागल एक छात्र ने महिला प्रोफेसर को एसिड अटैक कर बदसूरत कर देने की धमकी दी है. आरोपी छात्र ने महिला प्रोफेसर से अनैतिक संबंध बनाने की भी मांग की. घबराई प्रोफेसर ने घटना की शिकायत मुरार थाने में की, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी छात्र को गिरफ्तार कर लिया है. उसके खिलाफ धमकी देने और यौन उत्पीड़न की धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया गया है.
क्या है पूरा मामला?
पुलिस के मुताबिक, 39 वर्षीय महिला प्रोफेसर शहर के एक लॉ कॉलेज में पढ़ाती हैं और अपने पिता तथा भाई के साथ रहती हैं. उनके ही कॉलेज में शिवपुरी जिले का रहने वाला छात्र दुष्यंत सागर पढ़ता था. महिला प्रोफेसर और दुष्यंत सागर एक ही महाविद्यालय से हैं और एक-दूसरे को बखूबी जानते हैं. लगभग एक साल से महिला प्रोफेसर उसके संपर्क में थीं और पढ़ाई को लेकर दोनों के बीच फोन और मैसेज पर बातचीत होती थी. इसी दौरान छात्र ने प्रोफेसर से 35 हजार रुपये उधार लिए थे.
पैसे मांगने पर दी धमकी
जब प्रोफेसर ने छात्र से पैसे लौटाने के लिए कहा तो दुष्यंत ने उनको धमकाना शुरू कर दिया. हाल ही में आरोपी दुष्यंत सागर ने पड़ाव इलाके में महिला प्रोफेसर का पीछा किया और उन पर अवैध संबंध बनाने के लिए दवाब बनाया. मुरार थाना प्रभारी मैना पटेल ने बताया कि पीड़िता ने पुलिस को यह भी बताया है कि आरोपी उस पर एसिड अटैक की धमकी देने के साथ-साथ सोशल नेटवर्किंग साइट्स पर भी बदनाम करने की चेतावनी दे रहा था.
महिला थाने में छिपकर बचाई जान
महिला प्रोफेसर ने जैसे-तैसे महिला थाने में छिपकर आरोपी छात्र से खुद को बचाया और मामले की शिकायत पुलिस से की. पुलिस ने महिला प्रोफेसर की शिकायत के बाद आरोपी छात्र दुष्यंत सागर को गिरफ्तार कर लिया है.
यह भी पढ़े: मशहूर हेयर स्टाइलिस्ट जावेद हबीब विवादों में, करोड़ों की ठगी के आरोप में अब तक 20 FIR दर्ज