न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले से जल जीवन मिशन के तहत चल रहे निर्माण कार्य के दौरान बड़ा विवाद सामने आया हैं. सादाबाद थाना क्षेत्र के पुसैनी गांव में ओवरहेड वाटर टैंक निर्माण के लिए खुदाई शुरू हुई तो मामला तनावपूर्ण हो गया. ग्रामीणों ने दावा किया कि जिस जमीन पर खुदाई हो रही है, वह वर्षों से कब्रिस्तान के रूप में इस्तेमाल होती रही हैं. खुदाई के दौरान शवों के अवशेष बाहर आने की खबर फैलते ही मौके पर हंगामा शुरू हो गया.
खुदाई के दौरान मचा हड़कंप
बताया जा रहा है कि रविवार को निर्माण एजेंसी द्वारा पानी की टंकी बनाने के लिए जमीन की खुदाई की जा रही थी. इसी दौरान स्थानीय लोगों ने विरोध जताना शुरू कर दिया. ग्रामीणों का कहना था कि यह जमीन विशेष समुदाय के लोगों के दफन स्थल के रूप में प्रयोग होती रही हैं. जैसे ही खुदाई के दौरान अवशेष बाहर आने की सूचना फैली, बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए.
घटना की जानकारी मिलते ही गांव में तनाव का माहौल बन गया. लोगों ने प्रशासन और निर्माण एजेंसी पर लापरवाही का आरोप लगाया. ग्रामीणों का कहना था कि बिना सही जांच-पड़ताल के संवेदनशील जमीन पर निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया. स्थिति को बिगड़ता देख प्रशासन ने तत्काल हस्तक्षेप किया और निर्माण कार्य को तुरंत बंद करा दिया. अधिकारियों की मौजूदगी में बाहर आए शवों के अवशेषों को सम्मानपूर्वक दोबारा दफन कराया गया, ताकि किसी प्रकार की धार्मिक भावना आहत न हो.
ग्राम प्रधान भी पहुंचे मौके पर
गांव के प्रधान उमेश कुमार भी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की आपत्तियों को देखते हुए काम रोकने की मांग की. उन्होंने कहा कि जब तक जमीन की स्थिति स्पष्ट नहीं हो जाती, तब तक निर्माण कार्य आगे नहीं बढ़ना चाहिए. मुख्य विकास अधिकारी पी.एन. दीक्षित ने बताया कि यह जमीन परियोजना के लिए लेखपाल द्वारा चिन्हित की गई थी. हालांकि ग्रामीणों और ग्राम प्रधान ने इसे कब्रिस्तान बताते हुए आपत्ति दर्ज कराई, जिसके बाद तत्काल प्रभाव से काम बंद कर दिया गया हैं.
एसडीएम को सौंपी गई जिम्मेदारी
पूरे मामले की जांच सादाबाद के उपजिलाधिकारी को सौंपी गई हैं. प्रशासन अब यह पता लगाएगा कि संबंधित भूमि सरकारी रिकॉर्ड में किस श्रेणी में दर्ज है, सार्वजनिक उपयोग की है या वास्तव में कब्रिस्तान के रूप में उपयोग होती रही हैं. अधिकारियों के अनुसार फिलहाल गांव में स्थिति नियंत्रण में है और शांति बनी हुई हैं. हालांकि घटना के बाद गांव में चर्चा का माहौल है और लोग प्रशासन की अगली कार्रवाई पर नजर बनाए हुए हैं.
यह भी पढ़े: Breaking News: रांची के पंडरा ओपी क्षेत्र में दिनदहाड़े गोलीबारी, जांच में जुटी पुलिस