न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: उत्तर प्रदेश के बांदा से मानवता को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक मां ने अपने बेटे के साथ मिलकर ही अपनी शादीशुदा बेटी को पैसों के लालच में बेच दिया. आरोप है कि युवती को हरियाणा ले जाकर 1 लाख 38 हजार रुपये में सौदा किया गया और वहां जबरन उसकी शादी करा दी गई.
पीड़िता, जो चित्रकूट की रहने वाली है, किसी तरह अपनी जान बचाकर पुलिस के पास पहुंची और पूरी आपबीती सुनाई. युवती ने बताया कि उसकी मां और भाई उसे बहाने से बांदा लेकर आए थे, जहां से उसे हरियाणा के कुछ लोगों के हवाले कर दिया गया. वहां उसे बंदी बनाकर रखा गया और जबरन शादी करने के लिए मजबूर किया गया. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई. मामले को गंभीरता से लेते हुए एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट में केस दर्ज किया गया और जांच के लिए विशेष टीम गठित की गई. पुलिस ने युवती के बयान और सबूतों के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी भाई को गिरफ्तार कर लिया हैं.
इससे पहले इस मामले में हरियाणा के दो आरोपियों को भी गिरफ्तार किया जा चुका हैं. पुलिस अब इस पूरे मामले को एक बड़े मानव तस्करी नेटवर्क से जोड़कर देख रही है और इसकी गहराई से जांच कर रही हैं. मामले पर जानकारी देते हुए बांदा के पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल ने बताया कि एक महिला ने अपने बेटे के साथ मिलकर अपनी ही बेटी का सौदा कर दिया था. उन्होंने कहा कि इस मामले में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और सभी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़े: धनबाद: गैस कटर सिलेंडर फटने से मचा हड़कंप, दम घुटने से 2 की मौत