न्यूज11 भारत
रांची/डेस्कः विश्व पर्यावरण दिवस आज (5 जून) हैं. हर साल आज के दिन (5 जून) को विश्व पर्यावरण दिवस मनाया जाता है. यह दिन हमारे पर्यावरण के बारे में जागरूकता बढ़ाने के लिए मनाया जाता है. इसके अलावा, इसका उद्देश्य मानवीय गतिविधियों के माध्यम से पर्यावरण को होने वाले नुकसान को रोकना और पृथ्वी की रक्षा करना है. 5 जून विश्व पर्यावरण दिवस पर्यावरण की सुरक्षा के लिए विभिन्न कदम उठाने और विभिन्न तरीकों को अपनाने की याद दिलाता हैं.
कब और कैसे हुई इसकी शुरुआत
संयुक्त राष्ट्र ने इस दिन की स्थापना की थी. इसका उद्देश्य पर्यावरण के साथ मानवीय गतिविधियों के हस्तक्षेप को कम करना है. विश्व पर्यावरण दिवस की स्थापना 1972 में संयुक्त राष्ट्र द्वारा मानव पर्यावरण पर स्टॉकहोम सम्मेलन के दौरान की गई थी. पहला पर्यावरण दिवस 1974 में अमेरिका के स्पोकेन शहर में मनाया गया था. उस साल का थीम 'केवल एक पृथ्वी' था, और तब से, हर साल, इस दिन को एक विशेष पर्यावरण थीम के साथ मनाया जाता है. इस दिन की मेजबानी हर साल एक अलग देश द्वारा की जाती है. अलग-अलग मेजबान देशों को चुनने का विचार 1987 में शुरू हुआ था.
क्या है इस साल का थीम
हर साल विश्व पर्यावरण दिवस एक खास थीम के अनुसार मनाया जाता हैं. इस साल की थीम है -'प्लास्टिक प्रदूषण को समाप्त करना' यानी Putting an End to Plastic Pollution' इस थीम के मद्देनजर देश में लोगों को प्लास्टिक कचरे को कम करने और टिकाऊ विकल्प अपनाने के लिए प्रेरित करना है. यह थीम संयुक्त राष्ट्र पर्यावरण कार्यक्रम (UNEP) द्वारा चलाए जा रहे #BeatPlasticPollution अभियान का भाग है.
कैसे मनाया जाता है विश्व पर्यावरण दिवस
बता दें कि इस दिन दुनिया को हरियाली और स्वच्छ बनाने के लिए लगभग 143 देश इसमें भाग लेते हैं. विभिन्न प्रकार के प्रदूषण और उनके प्रभावों के बारे में जागरूकता फैलाने के लिए विभिन्न अभियान चलाए जाते हैं. इसी तरह, सरकारी संगठन और विश्व नेता पर्यावरण को बचाने की शपथ लेते हैं. वे पर्यावरण की रक्षा के लिए विभिन्न नीतियां अपनाते हैं और सख्त कानून लागू करते हैं, जैसे प्लास्टिक के इस्तेमाल को नियंत्रित करना/रोकना, सार्वजनिक परिवहन के इस्तेमाल को बढ़ावा देना, कचरे को अलग-अलग करना आदि. पेड़ भी लगाए जाते हैं. इस अभियान को दुनिया भर में सफल बनाने के लिए थीम के अनुसार कई नारे बनाए जाते हैं. और लोगों को इसके खतरों के बारे में जागरूक करते हैं.