ससमय शपथ पत्र समर्पित नहीं करने वाले राजनीतिक दलों को सूची से हटाने की शुरू होगी प्रक्रिया
न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: भारत निर्वाचन आयोग ने झारखंड के पांच राजनीतिक दलों को पंजीकृत दलों की सूची से हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी हैं. इन दलों ने पिछले 6 वर्षों से किसी भी लोकसभा या विधानसभा चुनाव में भाग नहीं लिया हैं. आयोग के दिशानिर्देशों के अनुसार, यदि कोई राजनीतिक दल लगातार 6 वर्षों तक चुनाव नहीं लड़ता है, तो उसे पंजीकृत दलों की सूची से हटा दिया जाता हैं.
ये दल हैं:
- आपका हमारा पार्टी (हजारीबाग)
- बहुजन सदन मोर्चा (गिरिडीह)
- झारखंड दिशोम पार्टी (पूर्वी सिंहभूम)
- हम किसान पार्टी (रांची)
- झारखंड जनाधिकार पार्टी
भारत निर्वाचन आयोग ने इन दलों को नोटिस भेजा हैं. इसके अतिरिक्त जनप्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 29ए के तहत, राजनीतिक दलों को अपने पंजीकरण के समय दिए गए विवरण (नाम, पता, पदाधिकारी) में किसी भी बदलाव की जानकारी तुरंत आयोग को देनी होती हैं.
आयोग के निर्देश पर इन दलों को अपना पक्ष रखने का मौका दिया गया हैं. मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय, झारखंड, रांची को 22.08.2025 तक पार्टी के अध्यक्ष या महासचिव द्वारा शपथ पत्र के साथ लिखित पक्ष भेजना होगा. इसके बाद 29.08.2025 को सुबह 11:00 बजे मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, झारखंड द्वारा सुनवाई की जाएगी. यह सूचना इन दलों को उनके पंजीकृत पते पर भेजी गई हैं. साथ ही समाचार पत्रों और विभाग के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से भी इसकी जानकारी दी गई हैं. मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने इन दलों के प्रतिनिधियों से निर्धारित समय सीमा के भीतर आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया हैं.