न्यूज़ भारत
चतरा/डेस्क: चतरा जिले की टंडवा पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए 4 लाख रुपये कीमत की अवैध ब्राउन शुगर के साथ दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है. चतरा एसपी को मिली गुप्त सूचना के आधार पर, टंडवा एएसपी प्रभात रंजन बरवार के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया था. टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एनटीपीसी (NTPC) गेट नंबर-2 से कमता जाने वाली सड़क पर नाटकीय ढंग से छापेमारी की और खरीद-बिक्री करते दो संदिग्धों को रंगे हाथ दबोच लिया. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हजारीबाग (केरेडारी) निवासी राजेश कुमार और चतरा (टंडवा) निवासी विकाश कुमार महतो के रूप में हुई है. पुलिस ने इनके पास से कुल 19.72 ग्राम ब्राउन शुगर, मादक पदार्थ तौलने वाली एक इलेक्ट्रॉनिक मशीन और 4 मोबाइल फोन बरामद किए हैं. पुलिस अब इस ड्रग सिंडिकेट से जुड़े अन्य तस्करों की तलाश में सघन छापेमारी कर रही है.