न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: रांची के कांटाटोली क्षेत्र में ऑटो चालक पर पेट्रोल छिड़ककर जिंदा जलाने के प्रयास के मामले में लोअर बाजार थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ऑटो मालिक मोहम्मद असलम और संतु उर्फ जुबरेल कुरैशी के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार, ऑटो चलाने से इनकार करने पर चालक समीर उर्फ सोनू पर पेट्रोल छिड़ककर उसे जिंदा जलाने का प्रयास किया गया था.
घटना में गंभीर रूप से झुलसे समीर उर्फ सोनू का इलाज फिलहाल रांची स्थित रिम्स में चल रहा है, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है. इस संबंध में लोअर बाजार थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई थी. शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए जांच शुरू की और दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने बताया कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.
यह भी पढ़ें- जिला स्तरीय मल्टी स्टेक होल्डर कंसल्टेशन कार्यक्रम, समाधान समारोह एवं एन.आई. एक्ट से संबंधित विशेष लोक अदालत का सफल आयोजन