न्यूज़11 भारत
गुमला/डेस्क: जिले के पालकोट थाना क्षेत्र के कंसारी मोहल्ला निवासी अशोक कंसारी ने गुमला थाना में आवेदन देकर यूपीआई के माध्यम से 66,780 रुपये की साइबर ठगी की शिकायत दर्ज कराई है. आवेदन में अशोक ने बताया कि 21 सितंबर को उनके गूगल-पे यूपीआई खाते से धोखाधड़ी कर राशि उड़ा ली गई. पीड़ित स्कूल के शिक्षक हैं.
अशोक के अनुसार उनके WhatsApp पर एक महिला के नंबर से एक बच्चे के सिर में गंभीर चोट लगी होने की तस्वीर भेजी गई थी. तस्वीर के साथ रुपये की मदद के लिए संदेश भेजा गया और करीब 2,000 रुपये भेजने की रिक्वेस्ट की गई. पूछताछ करने पर महिला की ओर से स्पष्ट जवाब नहीं दिया गया. इसके बाद अशोक ने संबंधित नंबर को ब्लॉक कर दिया और संदेश भी डिलीट कर दिया.
अशोक का कहना है कि इसके बाद उनके यूपीआई खाते से कुल 66,780 रुपये की राशि कट गई. ठगी की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर फोन कर शिकायत दर्ज कराई. उन्होंने पुलिस से मामले की जांच कर साइबर ठगी में शामिल व्यक्ति की पहचान करने तथा ठगी गई राशि की रिकवरी कराने की मांग की है.
इसे भी पढ़ें: धनबाद सीओ से 1 करोड़ रंगदारी की मांग, WhatsApp पर दी गोली मारने की धमकी