नमो नारायण मिश्रा/न्यूज11 भारत
गोपालगंज/डेस्क: गोपालगंज में एसपी विनय तिवारी के निर्देश पर अंतरजिला बाइक चोर गिरोह का बड़ा भंडाफोड़ किया गया है. पुलिस ने इस कार्रवाई में गिरोह के मुख्य सरगना बबी राम सहित कुल 4 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है. साथ ही चोरी की 5 मोटरसाइकिलें भी बरामद की गई हैं. इस पूरी कार्रवाई का नेतृत्व हथुआ एसडीपीओ आनंद मोहन गुप्ता ने किया. टीम में मीरगंज थानाध्यक्ष दुर्गानंद मिश्रा एवं पुलिस बल शामिल रहे. पुलिस ने मीरगंज थाना क्षेत्र में छापेमारी कर इस गिरोह का पर्दाफाश किया.
ऐसे हुआ खुलासा
हथुआ एसडीपीओ आनंद मोहन गुप्ता ने बताया कि बीते 11 फरवरी को मीरगंज बाजार से एक बाइक चोरी हुई थी. मामले में सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर एक संदिग्ध की पहचान की गई. इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया. गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर चोरी की बाइक बरामद की गई. पूछताछ के दौरान उसने अन्य चोरी की घटनाओं में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की. इसके बाद पुलिस ने क्रमशः अन्य तीन आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया.
बैंक और क्लीनिक बनते थे निशाना
पुलिस जांच में सामने आया है कि यह गिरोह मुख्य रूप से भीड़भाड़ वाले इलाकों में पहले रेकी करता था. खासकर बैंक और क्लीनिक के बाहर खड़ी मोटरसाइकिलों को निशाना बनाया जाता था. चोरी की गई बाइकों को कम कीमत पर शराब तस्करों को बेच दिया जाता था. पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी बबी राम उर्फ बॉबी कुमार के खिलाफ कई थानों में गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं. गिरोह के अन्य सदस्यों का भी आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है. पुलिस द्वारा सभी आरोपियों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है. साथ ही गिरोह के नेटवर्क और अन्य संभावित सदस्यों की तलाश में छापेमारी जारी है. एसडीपीओ ने कहा है कि एसपी के निर्देश पर जिले में अपराध पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान जारी रहेगा और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें: भागलपुर में डिलीवरी बॉय ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, जांच में जुटी पुलिस